Edited By Vijay, Updated: 17 Apr, 2024 05:15 PM
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओपीएस को लेकर लोगों को यह कह कर गुमराह कर रही है कि भाजपा सरकार बनने पर वह इसे बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा ने इसे बंद नहीं किया है।
शिमला (भूपिन्द्र): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओपीएस को लेकर लोगों को यह कह कर गुमराह कर रही है कि भाजपा सरकार बनने पर वह इसे बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा ने इसे बंद नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने पर इसे बंद नहीं किया जाएगा क्योंकि भाजपा बदले की भावना से काम नहीं करती है। यह बात उन्होंने बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने गत दिन सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की संयुक्त पत्रकार वार्ता में लगाए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के यह त्रिदेव गत दिनों हुए राजनीतिक घटनाक्रम से विचलित हैं तथा बार-बार भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने के आरोप लगा रहे हैं, जबकि कांग्रेस का हाईकमान भी मानता है कि यह प्रदेश में पार्टी नेतृत्व की असफलता है। कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया है।
महिलाओं को 3000 रुपए देने के ऐलान पर भाजपा जा सकती है चुनाव आयोग
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि यदि सरकार महिलाओं को ईमानदारी से 1500 रुपए की महिला सम्मान निधि देना चाहती तो वह बजट में इसके लिए प्रावधान करती। गत 15 माह में सरकार ने इसके बारे में नहीं सोचा तथा चुनावों के समय ही इसकी याद आई। गत दिन सीएम ने कहा कि जून माह में महिलाओं को 2 माह के 3000 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आचार संहिता के दायरे में आता है या नहीं, इस पर पार्टी विचार करेगी तथा इसके आधार पर इसको लेकर चुनाव आयोग जाने पर निर्णय लिया जाएगा।
व्यक्तिगत आरोपों से परहेज करें विक्रमादित्य सिंह
विक्रमादित्य के कंगना के खाने पर दिए बयानों पर जयराम ने कहा कि वह जल्दी व जोश में हैं लेकिन उन्हें व्यक्तिगत आरोपों से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेत्री ने कंगना पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर मंडी का अपमान किया था। उस पर कांग्रेस नेताओं का क्या कहना है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here