सिलेंडर की नो टेंशन! डीसी के कड़े निर्देश, बोले- स्टॉक पूरा, अफवाह फैलाई तो खैर नहीं

Edited By Jyoti M, Updated: 27 Mar, 2026 05:26 PM

no worries about cylinders dc issues directives states  stock is adequate

घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग में हाल ही में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने संबंधित विभागों, ऑयल कंपनियों एवं गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गैस आपूर्ति व्यवस्था को...

ऊना। घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग में हाल ही में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने संबंधित विभागों, ऑयल कंपनियों एवं गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में एलपीजी की उपलब्धता सामान्य है तथा पूर्व की भांति गैस का लोड नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस बुकिंग को लेकर अनावश्यक दबाव न बनाएं।

गैस एजेंसियों को स्टॉक व आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

उपायुक्त ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को अपने-अपने स्टॉक (14.2 किलोग्राम, 20 किलोग्राम तथा 19 किलोग्राम) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गैस लोड के सुचारू फंड फ्लो और परिवहन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, ऑयल कंपनियों को समय-समय पर मांग का इंडेंट भेजने तथा उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, जमाखोरी और मुनाफाखोरी से बचने, निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति करने तथा व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही एजेंसियों को ऑनलाइन स्टॉक और रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया है।

अफवाहों से बचें, घर बैठे करें गैस बुकिंग

उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है, इसलिए अफवाहें न फैलाएं और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। गैस सिलेंडर की बुकिंग एजेंसी के दूरभाष, मोबाइल नंबर या आधिकारिक ऐप के माध्यम से घर बैठे की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 13,500 घरों को पाइपलाइन गैस से जोड़ा गया है, जिनमें से करीब 6,600 घरों में गैस आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है। अन्य उपभोक्ताओं के घरों तक पाइपलाइन बिछने के बावजूद कई स्थानों पर अभी कनेक्शन सक्रिय नहीं किए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पाइपलाइन गैस कनेक्शन जारी करवाएं, ताकि बिना किसी परेशानी के गैस आपूर्ति मिल सके।

होटल, ढाबा व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी अपनाने की सलाह

जतिन लाल ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों, जो एजेंसियों में पंजीकृत हैं, उन्हें मांग के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के 63 प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन गैस उपलब्ध है और वे बिना किसी समस्या के अपना कार्य संचालित कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां के होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों से पीएनजी के तहत गैस का व्यावसायिक कनेक्शन लेने की अपील की गई है, ताकि गैस आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।

उपायुक्त ने बताया कि पीएनजी के घरेलू या व्यावसायिक कनेक्शन संबंधी जानकारी के लिए भारत पेट्रोलियम कंपनी के कार्यालय, रक्कड़ कॉलोनी ऊना या उनके दूरभाष नंबर 94177-50485 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ऊना के दूरभाष नंबर 01975-226016 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

ओवरचार्जिंग व जमाखोरी पर नियमित निगरानी के निर्देश

जिलादंडाधिकारी ऊना ने खाद्य आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग और ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, जमाखोरी या मुनाफाखोरी पाए जाने पर विभागीय नियमों के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाए।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!