Edited By Updated: 23 Dec, 2016 03:27 PM
सोलन से पहुंचे शार्प शूटर हितेंद्र कुमार ने आज सुबह करीब 5 बजे जिला बिलासपुर के भराड़ी क्षेत्र के दधोल कलां तथा इसके आसपास के क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने तेंदुए को गोली मारकर ढेर कर दिया।
बिलासपुर: सोलन से पहुंचे शार्प शूटर हितेंद्र कुमार ने आज सुबह करीब 5 बजे जिला बिलासपुर के भराड़ी क्षेत्र के दधोल कलां तथा इसके आसपास के क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने तेंदुए को गोली मारकर ढेर कर दिया। 26 नवंबर को इस तेंदुए ने दधोल कलां में समारोह से वापस आ रहे तिलक राज पर हमला कर उसे मार दिया था।
इसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल था। वन विभाग ने पिंजरे, ट्रैप कैमरे लगाने के साथ साथ उंचाई वाले स्थानों पर चबूतरा तैयार कर तेंदुए पर नजर रखने की कोशिश की। लेकिन तेंदुए का कोई सुराग वन विभाग को नहीं चल पाया। करीब एक माह में तेंदुआ ग्रामीणों को नजर भी आया लेकिन हर बार तेंदुआ भागने में कामयाब रहता था। पेशेवर शूटरों ने भी एक माह तक जंगल का कोना कोना छान मारा लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।
आज जब हितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ सर्च अभियान में जा रहे थे तो पट्टा के निकट आदमखोर तेंदुआ दिखाई दिया। हितेंद्र कुमार ने मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और तेंदुए को गोली मार कर वहीं पर ढेर कर दिया। वन अरण्यपाल अनिल जोशी समेत अन्य अधिकारी पट्टा गांव में पहुंच गए। तिलक राज पर हमला करने के दौरान मिले पंजे के निशान से मिलान करने पर आदमखोर तेंदुए की पुष्टि हो गई है।