Edited By Vijay, Updated: 19 Mar, 2026 06:42 PM

हमीरपुर जिले को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में सदर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चिट्टे के एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
हमीरपुर (अजय): हमीरपुर जिले को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में सदर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चिट्टे के एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। वीरवार सुबह इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में सदर पुलिस की टीम ने आरोपी को 8 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय अमित शर्मा उर्फ सेठी पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव भाटी (मौहीं), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को लंबे समय से दे रहा था चकमा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह खुफिया सूचना मिली थी कि आरोपी अमित शर्मा उर्फ सेठी चिट्टे की खेप लेकर अपने घर की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा और उनकी टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को उसके घर के नजदीक खेतों में ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। खास बात यह है कि पुलिस इस आरोपी की लंबे समय से ताक में थी। खुफिया जानकारी के आधार पर बीते करीब 2 महीने के भीतर पुलिस दो बार इसके घर पर दबिश देकर तलाशी ले चुकी थी, लेकिन तब पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा था और यह बच निकलता था।
इन इलाकों में युवाओं को बांटता था मौत का सामान
सूत्रों के मुताबिक अमित शर्मा उर्फ सेठी एक सक्रिय ड्रग तस्कर है। वह भाटी, स्वाहल क्षेत्र समेत पूरे हमीरपुर शहर में युवाओं को चिट्टा मुहैया करवाने के काले कारोबार में मुख्य रूप से शामिल था।
अन्य थानों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
काबिलेगौर है कि जब से इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा ने बतौर एसएचओ सदर थाने का कार्यभार संभाला है, तब से नशा तस्करों की कमर टूट गई है। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक 49 एफआईआर दर्ज कर 62 छोटे-बड़े आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला है। सदर थाने के इस शानदार रिकॉर्ड के बाद अब जिले के अन्य थानों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि क्या अन्य थानों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में चिट्टा तस्करी कम हो रही है, या वहां की पुलिस इस काम में दिलचस्पी नहीं ले रही, या फिर पुलिस कर्मियों की कमी इस नशा विरोधी अभियान में बाधा बनी हुई है?
पुलिस कर्मियों को काम सुधारने के दिए जाएंगे आदेश : एसपी
वहीं एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने आरोपी की गिरफ्तार की पुष्टि की है। अन्य थानों के सवाल पर एसपी ने कहा कि हर पुलिस कर्मी के कार्य करने का अपना-अपना तरीका होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के अन्य थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों व कर्मियों को उनके काम में सुधार लाने के सख्त आदेश जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही एसपी ने यह भी माना कि थानों में पुलिस कर्मियों की कमी के कारण भी ड्रग्स फ्री अभियान को पूरी तरह से सिरे चढ़ाने में कुछ दिक्कतें पेश आ रही हैं।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here