Edited By Kuldeep, Updated: 23 Jul, 2025 10:49 PM

देहरादून की एक महिला व उसकी बेटियों के साथ मनाली के होटल में यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर मामला दर्ज हुआ है। मामले में पोक्सो एक्ट की धारा 7 व 8 भी जोड़ी गई है।
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): देहरादून की एक महिला व उसकी बेटियों के साथ मनाली के होटल में यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर मामला दर्ज हुआ है। मामले में पोक्सो एक्ट की धारा 7 व 8 भी जोड़ी गई है। एक महिला ने दालनवाला थाना देहरादून में इस घटना को लेकर शिकायत पत्र सौंपा, जिस पर वहां जीरो एफ.आई.आर. दर्ज हुई। वहां से पूरा मसौदा एस.पी. कुल्लू को प्रेषित किया गया। अब मनाली थाना में इसे भेजा गया है। महिला ने पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में कहा है कि वह बीते 27 जून को अपनी 14 साल की बेटी और इसी उम्र की अपनी बहन की बेटी व अपनी एक अन्य 1 साल की बेटी के साथ मनाली के एक रिजाॅर्ट में आई थी। इस दौरान उसका पारिवारिक मित्र अभिषेक कंबोज भी वहां आया था। आरोप लगाया कि रिजाॅर्ट के मालिक ने सामान्य परिचय के लिए उन्हें आमंत्रित किया। जब उसे ज्ञात हुआ कि हम भी पहाड़ी क्षेत्र से हैं तो उसने उसे बहन कहा। इससे सुरक्षित वातावरण का आभास हुआ।
इसके बाद अभिषेक अपने कमरे में चला गया और वह वहीं पर बैठी थी। इस दौरान आरोपी रिजाॅर्ट मालिक की नीयत बदल गई और उसने लाइट व कमरे बंद किए। महिला ने स्थिति को भांपा और डरकर अपने कमरे की ओर भागी जहां बच्चे सो रहे थे। अपने को बचाने के लिए वह बाथरूम में गई। आरोपी कमरे में आया डुपलीकेट चाबी से उसने कमरा खोला व लाइट बंद कर दी। डरकर बच्चे भी चिल्लाने लगे और उन्होंने रोशनी के लिए मोबाइल की फ्लैश लाइट ऑन की। आरोपी ने उनके फोन छीनकर तोड़ दिए और लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया। बच्चों को बचाने के लिए जब महिला बाथरूम से आकर आरोपी से भिड़ गई तो उस समय आरोपी उसकी भांजी के पैर पकड़कर उसे खींच रहा था।
महिला ने आरोप लगाया कि वह अभिषेक को ढूंढने उसके कमरे में गई लेकिन वह वहां नहीं था। वह बचाव के लिए रिसैप्शन पर गई तो आरोपी वहां भी आ गया। बाद में आरोपी ने महिला को घसीटा और मारपीट की तथा गाली-गलौच किया। बच्चों के साथ गाली-गलौच किया और महिला को लातों से मारकर जख्मी किया। इस घटना के बाद महिला ने बच्चों के साथ तुरंत देहरादून निकलने का निर्णय लिया और रिजाॅर्ट से निकल गए। महिला ने शिकायत में कहा है कि इसके बाद उन्हें 3 फोन आए और थाना आने के लिए कहा।
छोटे बच्चों के साथ आधी रात को थाने में बैठाए रखा
जब वह बच्चों के साथ थाना पहुंची तो वहां पर वह इंस्पैक्टर नहीं था, जिसने फोन किया था। थाना में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे आधी रात को बैठाए रखा और उसके पहनावे पर भी टिप्पणी करते रहे। पुलिस कर्मियों पर महिला ने मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और महिला की ओर से शिकायत दर्ज नहीं की। महिला पर ही तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया जाता रहा। महिला ने कहा कि उसने यह घटना उसके आत्मसम्मान और सुरक्षा पर हमला थी। महिला ने पुलिस को बताया कि यह वारदात उसके बच्चों के सामने हुई। अब पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। डी.एस.पी. के.डी. शर्मा ने कहा कि घटना वाले दिन महिला थाने में लड़ाई-झगड़े की शिकायत लेकर आई थी। देहरादून जाकर महिला ने और शिकायत की होगी, इसकी छानबीन की जा रही है।