Edited By Vijay, Updated: 03 Apr, 2026 10:42 PM

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के दौर में भी भारतीय इंजीनियरिंग प्रतिभा की चमक फीकी नहीं पड़ी है। आईआईटी मंडी सहित देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए जापान की...
मंडी (रजनीश): वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के दौर में भी भारतीय इंजीनियरिंग प्रतिभा की चमक फीकी नहीं पड़ी है। आईआईटी मंडी सहित देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए जापान की दिग्गज कंपनियों में उच्च वेतन पैकेज हासिल किए हैं। एआई आधारित प्लेसमैंट प्लेटफार्म कॉग्नावी के माध्यम से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में आईआईटी मंडी के 13 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिन्हें 42.15 से लेकर 56.27 लाख रुपए तक के वार्षिक पैकेज (सीटीसी) ऑफर किए हैं।
जापान में करियर शुरू करने वाले इन भाग्यशाली विद्यार्थियों में न केवल आईआईटी मंडी के होनहार शामिल हैं, बल्कि आईआईटी मद्रास और एसआरएम इंस्टीच्यूट आफ साइंस एंड टैक्नोलाजी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी इसमें स्थान बनाया है। यह भर्ती पारंपरिक तरीके से हटकर पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित थी। चयन प्रक्रिया के मुख्य बिंदुओं में देशभर से 127 छात्रों ने इस अवसर के लिए आवेदन किया था। एआई आधारित स्किल मैपिंग, वीडियो असैसमैंट और कल्चर फिट एनालिसिस के बाद 20 छात्रों को अंतिम दौर के लिए चुना गया। कड़े तकनीकी मापदंडों को पार करने के बाद 13 छात्रों को नियुक्ति पत्र दिए गए।चयनित छात्रों को जापान की अग्रणी मैन्युफैक्चरिंग और टैक कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कॉग्नावी इंडिया के मैनेजिंग डायरैक्टर और सीटीओ वरुण मोदगिल ने कहा कि कहा कि भारत में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि वैश्विक अवसरों से जुड़ने की चुनौती है, जिसे ए.आई. तकनीक के जरिए दूर किया जा रहा है। इस तरह के एआई आधारित प्लेटफार्म भारतीय छात्रों के लिए अंतर्राष्ट्रीय करियर के नए अवसर खोल रहे हैं, खासकर कोर इंजीनियरिंग क्षेत्रों में। कॉग्नावी वर्तमान में देश के 300 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के साथ काम कर रहा है और भारतीय प्रतिभा को वैश्विक कंपनियों से जोड़ने की दिशा में तेजी से विस्तार कर रहा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें