Edited By Vijay, Updated: 14 Mar, 2026 07:41 PM

कांगड़ा जिले के उपमंडल थुरल की ग्राम पंचायत डूहक के गांव डूहक कलां में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां पूजा के लिए कुएं से पानी भरने गए 25 वर्षीय युवक की पैर फिसलने और पानी में डूबने से मौत हो गई।
थुरल (जम्वाल): कांगड़ा जिले के उपमंडल थुरल की ग्राम पंचायत डूहक के गांव डूहक कलां में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां पूजा के लिए कुएं से पानी भरने गए 25 वर्षीय युवक की पैर फिसलने और पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय जम्वाल पुत्र गन्धर्व सिंह जम्वाल के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे अक्षय घर के पास स्थित कुएं पर पूजा के लिए जल लेने गया था। पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। बताया जा रहा है कि अक्षय को तैरना नहीं आता था, जिस कारण वह गहरे पानी में डूब गया। जब काफी देर तक अक्षय घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुएं के पास पहुंचने पर उन्होंने पानी में अक्षय की चप्पलें तैरती देखीं। अनहोनी की आशंका होते ही उन्होंने शोर मचाया गया, जिस पर गांव के दो साहसी युवक अंकू और विवेक मौके पर पहुंचे, जिन्होंन कड़ी मशक्कत के बाद अक्षय को गहरे पानी से बाहर निकाला।
परिजन अक्षय को तुरंत सिविल अस्पताल थुरल ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं डूहक पंचायत की प्रधान अंचनी देवी ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस गरीब परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here