Edited By Vijay, Updated: 05 Jun, 2019 11:36 PM
राज्य सरकार निर्धारित मूल्य पर नॉन-रिसाइक्लेबल पॉलीथीन वापस खरीदेगी। पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार जल्द योजना तैयार करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित...
शिमला: राज्य सरकार निर्धारित मूल्य पर नॉन-रिसाइक्लेबल पॉलीथीन वापस खरीदेगी। पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार जल्द योजना तैयार करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र में एक तरफ प्लास्टिक पर बैन लगा हुआ है तो दूसरी ओर सरकार बाहरी प्रदेश से रोजाना आने वाले दूध-दही के खाली पैकेटों को पिघलाकर सड़कों को पक्का करने में इस्तेमाल कर रही है। सरकार ने पर्यावरण को बचाने के लिए कई उचित कदम उठाए हैं। यहां तक प्लास्टिक के कप और प्लेट को भी पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। उसकी जगह पर सरकार ने पत्तों से बनने वाले पत्तल को प्रोत्साहित करने का काम किया है, जो पर्यावरण फ्रैंडली होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार का भी साधन मुहैया करवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के बीच ज्ञान प्राप्त करने वाले संतों और ऋषियों का देश है। हमने वर्षों में उल्लेखनीय विकास हासिल किया है, लेकिन प्रकृति में दखल के कारण पर्यावरण में गिरावट आई है। राज्य में आज पर्यावरण संबंधित कई चुनौतियां हैं और हमें इन पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करना चाहिए, ताकि प्रकृति को और नुक्सान होने से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें शहर के 30 स्कूलों के लगभग 600 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वाटर प्यूरीफिकेशन इनविगोरेटिव योजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वाटर प्यूरीफिकेशन इनविगोरेटिव योजना का शुभारंभ किया, जिसके तहत विभिन्न नदियों की धाराओं के दूषित जल के प्रबंधन के लिए 38 प्रकार के पौधों को चिन्हित किया गया है। प्रथम चरण में यह योजना सुखना नाला परमाणु, मारकंडा नदी कालाअंब तथा सिरसा नदी बद्दी में और इनके आसपास आरंभ की जाएगी।
पत्तल एवं डोना बनाने की मशीन की वितरित
मुख्यमंत्री ने हरित तकनीक हस्तांतरण योजना के अंतर्गत सहायता स्वरूप जिला बिलासपुर के घुमारवीं के महिला स्वयं सहायता समूह मुस्कान को पत्तल एवं डोना बनाने की मशीन वितरित की।
लोगों को जागरूक करने के लिए लगाई प्रदर्शनी
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रदेश के लोगों में वायु तथा जल प्रदूषण और कचरा प्रबंधन से संबंधित मुद्दों पर जागरूकता सृजित करने के लिए प्रदर्शनी व तकनीकी प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त वनस्पति खाद तकनीकों, पॉली-ईंटों, गोबर निर्मित घड़ों इत्यादि को विभाग द्वारा प्रदर्शनी में दिखाया गया।