Edited By Vijay, Updated: 21 Feb, 2026 07:18 PM

जिला चम्बा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सलूणी क्षेत्र के अंतर्गत पठानकोट-चौहड़ा-सुंडला मार्ग पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान.....
सलूणी (शक्ति): जिला चम्बा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सलूणी क्षेत्र के अंतर्गत पठानकोट-चौहड़ा-सुंडला मार्ग पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार 2 युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस टीम ने तलेरू के निकट नाकाबंदी की हुई थी और वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पठानकोट की ओर से तलेरू की तरफ आ रही एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर कार में सवार युवक घबरा गए। जब पुलिस ने कार और युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए दाेनाें आरोपी चुराह तहसील के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान कमल भारद्वाज पुत्र खेम राज निवासी गांव धार (भंजराड़ू) और मोहिंद्र सिंह उर्फ धौनी पुत्र प्रभुदयाल निवासी गांव (चरोटा) के रूप में की गई है।
सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे इलाके में किसे सप्लाई किया जाना था। क्षेत्र में बढ़ती नशा तस्करी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान सख्ती से जारी रहेगा और मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here