Edited By Kuldeep, Updated: 31 Dec, 2018 08:40 PM
दून विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि भाजपा की सरकार के शासन काल में हर हिमाचली को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उद्योगपतियों के हितों के लिए भी बचनबद्ध है, जिससे उद्योगपति भी खुश होंगे और हिमाचली नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।
बी.बी.एन. (ठाकुर): दून विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि भाजपा की सरकार के शासन काल में हर हिमाचली को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उद्योगपतियों के हितों के लिए भी बचनबद्ध है, जिससे उद्योगपति भी खुश होंगे और हिमाचली नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। विधायक सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र दवनी स्थित नयना इंटरप्राइजिज यूनिट-2 व नयना हाईटैक इंडस्ट्रीज के शुभारंभ के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की अच्छी नीतियों के कारण यहां उद्योग अपनी नई इकाइयां स्थापित कर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण उद्योग पलायन कर रहे थे। जैसे ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी क्षेत्र में सड़कें और उद्योगों के लिए अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रदान की गईं, जिससे उद्योगों ने अपनी नई इकाइयां लगाना यहां शुरू किया है। इससे जहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे वहीं लोगों को आय के साधन भी बढ़ेंगे। इस अवसर पर हंसराज चंदेल, गुरमेल चौधरी, राजेंद्र सिंह झल्ला, दीवान प्रधान, गुरमेल मास्टर व अन्य लोग उपस्थित रहे।