Edited By Swati Sharma, Updated: 14 Feb, 2026 11:03 AM

Shimla News: उपमंडल रामपुर के तहत आने वाले नरेन गांव में शुक्रवार दोपहर आग ने जमकर तांडव मचाया। यहां एक दो मंजिला कच्चे मकान में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते आठ कमरों के आशियाने को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। हालांकि, इस घटना में कोई जानी...
Shimla News: उपमंडल रामपुर के तहत आने वाले नरेन गांव में शुक्रवार दोपहर आग ने जमकर तांडव मचाया। यहां एक दो मंजिला कच्चे मकान में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते आठ कमरों के आशियाने को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। हालांकि, इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन प्रभावित परिवार का सब कुछ जलकर नष्ट हो गया है।
तीन बेटों के साथ रहते थे लछु राम
मिली जानकारी के अनुसार, यह मकान स्थानीय निवासी लछु राम का था, जो अपने तीन बेटों-रविंद्र कुमार, शिशुपाल और केवल राम के साथ यहां रहते थे। दोपहर के समय अचानक लगी आग ने इतनी तेजी पकड़ी कि परिवार को घर के अंदर रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, जिससे आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका जा सका। वहीं, परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने प्रदान की फौरी राहत
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवार को ढांढस बंधाया और तत्काल सहायता के रूप में 12,000 रुपये की नकद राशि जारी की। इसके अतिरिक्त, परिवार के लिए राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं का प्रबंध भी किया गया है। वर्तमान में बेघर हुए परिवार को गांव में ही उनके रिश्तेदारों के यहां अस्थायी रूप से ठहराया गया है।
एसडीएम रामपुर ने बताया कि राजस्व विभाग को नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि प्रभावितों को सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिलाया जा सके। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस और प्रशासन इसकी बारीकी से जांच कर रहे हैं।