Edited By Vijay, Updated: 27 Jun, 2018 09:06 PM
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के कंदरोड़ी और जिला ऊना के पंडोगा में जल्द 2 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन दोनों स्थानों पर स्टेट इंडस्ट्रियल डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन ने प्लाट बनाने का काम पूरा कर लिया है। जल्द ही उद्योगपतियों को प्लाट...
शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के कंदरोड़ी और जिला ऊना के पंडोगा में जल्द 2 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन दोनों स्थानों पर स्टेट इंडस्ट्रियल डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन ने प्लाट बनाने का काम पूरा कर लिया है। जल्द ही उद्योगपतियों को प्लाट आबंटित कर दिए जाएंगे। यहां पर उद्योगपतियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं देने के दावे किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने इन दोनों औद्योगिक क्षेत्रों को जल्द शुरू करने को कहा है। उद्योग विभाग ने भी नए औद्योगिक क्षेत्र बसाने तथा निवेश जुटाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर स्थानीय उद्योगपतियों से चर्चा शुरू हो चुकी है ताकि इन्हें शुरू करने में देरी न हो। इन दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में बीते डेढ़-2 सालों से काम चल रहा है।
पंडोगा में 60, कंदरोड़ी में 115 प्लाट तैयार
पंडोगा में करीब 60 प्लाट तैयार बताए जा रहे हैं। यहां पर बिजली, पानी, सड़क, ट्रीटमैंट प्लांट व अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं प्लाट आबंटन से पहले ही मुहैया करवाने के दावे किए जा रहे हैं। इसी तरह कंदरोड़ी में भी करीब 115 औद्योगिक प्लाट्स तैयार बताए जा रहे हंै। इन्हें जल्द ऑक्शन किया जाएगा। दोनों औद्योगिक क्षेत्रों के शुरू होने से युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे और आसपास के क्षेत्र विकसित होने से भी स्थानीय लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। इससे पहले कालाअंब, पौंटा साहब, बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ व मैहतपुर इत्यादि स्थानों पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा चुके हैं।
अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी : विक्रम ठाकुर
उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बताया कि ऊना के पंडोगा और कांगड़ा के कंदरोड़ी में जल्द नए 2 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन्हें जल्द शुरू करने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इनके शुरू होने से सैंकड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा।