Edited By Updated: 11 Dec, 2016 01:18 AM
उपमंडल के पेहडवीं इलाके में एक मकान की तीसरी मंजिल पर पेंट कर रहा एक मजदूर कथित तौर पर पांव फिसल जाने के कारण नीचे आ गिरा।
घुमारवीं: उपमंडल के पेहडवीं इलाके में एक मकान की तीसरी मंजिल पर पेंट कर रहा एक मजदूर कथित तौर पर पांव फिसल जाने के कारण नीचे आ गिरा। इस हादसे में उसके सिर व शरीर के दूसरे हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। मजदूर को उसके 2 अन्य साथी मजदूर कंदरौर एरिया में स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल में रैफर कर दिया लेकिन वहां मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार पेहडवीं इलाके के रहने वाले रोशन लाल पुत्र अयोध्या प्रकाश ने अपने घर की तीसरी मंजिल में पेंट करवाने के लिए 3 मजदूर लगाए हुए थे। इनमें से एक मजदूर प्रभु राम तीसरी मंजिल के एक छज्जे को पेंट कर रहा था। अचानक कथित तौर पर उसका पांव फिसला और यह छज्जे से सीधे तीसरी मंजिले के नीचे जा गिरा। मृतक मजदूर मल्यावर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ए.एस.आई. जगतपाल शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए जिला अस्पताल के लिए चले गए हैं। शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।