Edited By Punjab Kesari, Updated: 18 Jun, 2017 10:40 PM
हिमाचल में जो विकास हो रहा है सही तरह से नहीं हो रहा है। यह बात केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने बैजनाथ में भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा के उद्घाटन के बाद कही।
बैजनाथ: हिमाचल में जो विकास हो रहा है सही तरह से नहीं हो रहा है। यह बात केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने बैजनाथ में भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा के उद्घाटन के बाद कही। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल में भाजपा की सरकार को लाना है ताकि जनता को उसका हक मिल सके। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल में भाजपा की सरकार आएगी तब यह प्रदेश विकास कर सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक नई दिशा दी है। लोगों के लिए सरकार ने योजनाएं चलाई हैं, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हम बूथ को पक्का करेंगे तो अवश्य हमारी जीत होगी, इसलिए बूथ स्तर पर अधिक काम करने की जरूरत है।
चुनावों में हमें तैयारी की जरूरत : शांता
इससे पहले सांसद शांता कुमार ने कहा कि चुनावों में हमें तैयारी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहली बार केंद्र की सरकार गरीबों की सरकार है। यहां सरकारों ने काम तो किया मगर जितना विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। हम शहीदों के सपनों का भारत बनाएंगे। शहीदों ने अपने प्राण देकर इस देश को आजाद करवाया, ताकि एक अच्छे भारत का निर्माण हो सके, लेकिन पहले विदेशियों ने भारत को लूटा और उसके बाद कांग्रेस ने लूटा। पूरी दुनिया में भारत घोटालों का देश माना जाता था, जिस कारण भारत बदनाम हुआ।