Chamba: तीसा अस्पताल के डॉक्टर पर लगे गंभीर आराेप, बच्ची की मां ने राेते हुए सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियाे

Edited By Vijay, Updated: 14 Oct, 2025 12:20 PM

woman made serious allegations against the doctor

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के दुर्गम क्षेत्र तीसा के सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर पर अढ़ाई साल की बच्ची की मां ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया है।

तीसा (सुभान दीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के दुर्गम क्षेत्र तीसा के सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर पर अढ़ाई साल की बच्ची की मां ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने घटना का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सांझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला रोते हुए डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार तीसा निवासी एक महिला बीती रात करीब 11:30 बजे अपनी अढ़ाई साल की बीमार बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची। वहां नाइट ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कुलभूषण मौजूद नहीं थे। ड्यूटी पर तैनात नर्स ने डॉक्टर को फोन किया और बच्ची की हालत के बारे में बताया। आरोप है कि डॉक्टर ने फोन पर ही नर्स को दवाइयां लिखवा दीं। जब बच्ची की मां ने यह कहते हुए आपत्ति जताई कि डॉक्टर बिना जांच के दवा कैसे दे सकते हैं, तो नर्स ने यह बात डॉक्टर को बताई। महिला का आरोप है कि फोन पर डॉक्टर ने नर्स से कहा कि वह उंगली डालकर चैक थोड़ी करेंगे। नर्स के फोन की आवाज तेज होने के कारण यह बात बच्ची की मां ने सुन ली, जिसके बाद वह भड़क गईं और फूट-फूट कर रोने लगी। महिला ने वीडियो में कहा कि जब डॉक्टर को नींद इतनी प्यारी है तो नीट का एग्जाम पास ही क्यों किया? मेरी बच्ची के लिए ऐसी गंदी भाषा का इस्तेमाल करने वाले डॉक्टर पर कार्रवाई होनी चाहिए। अस्पताल के सीसीटीवी और कॉल डिटेल की जांच की जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।

क्या कहते हैं बीएमओ तीसा और चुराह के विधायक 
मामले को लेकर बीएमओ तीसा डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि डॉ. कुलभूषण नाइट ड्यूटी पर थे, लेकिन जब मरीज आया तो वह खाना खाने के लिए अपने कमरे में गए हुए थे। उन्होंने फोन पर नर्स से ही बात की थी, मरीज की मां से उनकी सीधी बात नहीं हुई। डॉ. पुरी ने कहा कि यदि लिखित में शिकायत आती है तो मामले की निश्चित तौर पर जांच की जाएगी। वहीं, चुराह के विधायक हंसराज शर्मा ने मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए बीएमओ से संबंधित डॉक्टर को तत्काल सस्पैंड करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ जो भी हुआ, वह शर्मसार करने वाला है।

डॉक्टर ने दी सफाई, कहा-मेरे ऊपर लगे आराेप निराधार 
वहीं,  डॉक्टर कुलभूषण ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार और एक राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी महिला से कोई बात नहीं हुई। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि महिला एक ब्लॉगर है और उसने प्रसिद्धि पाने के लिए यह वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया है। डॉक्टर ने दावा किया कि उन्होंने नर्स से यह भी कहा था कि अगर मामला गंभीर है तो वह थोड़ी देर में आकर चेक करते हैं, लेकिन महिला ने पूरी बात सुने बिना ही आरोप लगा दिए। फिलहाल, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!