Edited By Kaku Chauhan, Updated: 25 Oct, 2021 06:15 PM
शाहपुर-सिहुंता-चम्बा स्टेट हाइवे पर सिहुंता में ब्रेक फेल होने से परिवहन निगम की बस अनियंत्रित होकर धान के खेतों में जा पहुंची। हादसे में किसी को चोटें नहीं आई हैं। चालक की सूझ बूझ से हादसा टल गया और बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों की जान बच गई।...
सिहुंता (सुभाष): शाहपुर-सिहुंता-चम्बा स्टेट हाइवे पर सिहुंता में ब्रेक फेल होने से परिवहन निगम की बस अनियंत्रित होकर धान के खेतों में जा पहुंची। हादसे में किसी को चोटें नहीं आई हैं। चालक की सूझ बूझ से हादसा टल गया और बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों की जान बच गई। सोमवार शाम को द्रमन से पठानकोट वाया सिहुंता रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की पठानकोट डिपो की बस एच.पी. 38सी-2023 निर्धारित समय पर सिहुंता बस स्टैंड से निकली। उसके बाद डाकघर सिहुंता में डाक का आदान प्रदान किया। जब डाकघर से बस ने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया तो उसके बाद बस अनियंत्रित होना शुरू हो गई बस की ब्रेक ने काम करना छोड़ दिया, लेकिन बस चालक विक्रम सिंह करीब 100 मीटर तक बस को ले गया। ब्रेक फेल होने का किसी को आभास भी नहीं हुआ। सड़क के दाएं बाएं बस को रोकने के लिए नजर दौड़ाता रहा तथा मोड़ पर हर तरफ से सुरक्षित एक मकान व सफेदे के बड़े-बड़े पेड़ के बीच धान के खेतों में बस को सुरक्षित तरीके से उतार दिया।
ताजा बारिश होने के कारण बस के अगले पहिए खेतो में धंस गए तथा बस पूरी तरह नियंत्रित हो गई। चालक की होशियारी से बड़ी अनहोनी होने से टल गई। स्कूल कॉलेज में छुट्टी होने का समय होने के कारण बस से 50 से भी अधिक यात्री मौजूद थे। इसमें अधिकांश विद्यार्थी थे। ड्राइवर ने समय रहते वस की ब्रेक को भांप लिया तथा बस को सुरक्षित बचा लिया। बस गिरने के बाद लोग वहां जमा हो गए तथा भगवान का शुक्रिया अदा करने के साथ ही चालक भी प्रशंसा भी की। बस के परिचालक अंकुश कुमार ने बताया कि सभी सवारियां व स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा अपने उच्चाधिकारियों को इस बारे अवगत करवा दिया है।