आठ माह से अश्वनी खड्ड पर तैयार पुल का नहीं हुआ उद्घाटन

Edited By Kuldeep, Updated: 21 Sep, 2020 05:59 PM

shimla ashwani khad bridge ready inauguration no

जुन्गा-शिमला मार्ग में अश्वनी खड्ड पर नवनिर्मित पुल पिछले करीब आठ माह से उद्घाटन के लिए किसी राजनीतिज्ञ की बाट जोह रहा है।

शिमला (ब्यूरो): जुन्गा-शिमला मार्ग में अश्वनी खड्ड पर नवनिर्मित पुल पिछले करीब आठ माह से उद्घाटन के लिए किसी राजनीतिज्ञ की बाट जोह रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार इस पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2017 में आरंभ किया गया था और लोक निर्माण विभाग ने इसे दो वर्ष के रिकार्ड समय में तैयार कर दिया था। गौर रहे कि 25 मीटर स्पैन वाले इस डबल लेन पुल के निर्माण पर 2.60 करोड़ की राशि व्यय की गई है, परंतु लोक निर्माण विभाग द्वारा इस पुल के दोनों छोरों पर मिट्टी व पत्थर के ढेर लगाकर पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया गया है, जिससे समूचे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।

वाहन धारकों को गाडिय़ां साइड से पत्थरीले रास्ते से होकर गुजारनी पड़ रही हैं। ग्राम पंचायत जुन्गा के पूर्व प्रधान सेवक राम कश्यप, कोटी पंचायत की प्रधान सुलक्षणा पुरी, पीरन पंचायत के प्रधान अतर सिंह ठाकुर, रामभज राणा, पूर्व प्रधान बलदेव पुरी, राजेंद्र शर्मा सहित अनेक लोगों का कहना है कि अश्वनी खड्ड पर नए पुल का निर्माण कार्य पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आरंभ किया गया था, परंतु भाजपा सरकार पिछले आठ माह से इसका उद्घाटन भी नहीं कर पा रही है। इससे वाहन धारकों को काफी परेशानी पेश आ रही है। लोगों का कहना है कि पुराना पुल वर्ष 1962 में निर्मित किया गया था, जोकि काफी पुराना हो चुका है और इस पर से भारी वाहनों को ले जाना जोखिम भरा कार्य है। ऐसा प्रतीत होता है कि लोक निर्माण विभाग किसी हादसे का इंतजार कर रहा है।

 बता दें कि चायल, कोटी, पीरन, डुब्लु, छलंडा, कंडाधाट से शिमला जाने वाले वाहन इस पुल के पास से गुजरते हैं और कई बार पुराने पुल पर संकरी सड़क होने से जाम भी लग जाता है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शिमला पीके भारद्वाज ने बताया कि अश्वनी खड्ड पर पुल पिछले काफी महीनों से तैयार पड़ा है, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और शीघ्र ही इस पुल का लोकार्पण कर दिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!