Edited By Vijay, Updated: 21 Feb, 2024 07:05 PM
पर्यटन नगरी मनाली एक सप्ताह बाद बर्फ के फाहों से सराबोर हुई है। हालांकि मनाली में 2 इंच ही हिमपात हुआ लेकिन आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। पर्यटन स्थल सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव, कोठी, गुलाबा व हामटा में 4 दिनों से रुक-रुक...
मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली एक सप्ताह बाद बर्फ के फाहों से सराबोर हुई है। हालांकि मनाली में 2 इंच ही हिमपात हुआ लेकिन आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। पर्यटन स्थल सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव, कोठी, गुलाबा व हामटा में 4 दिनों से रुक-रुक कर हिमपात हुआ है। सोलंग व कोठी में अढ़ाई फुट से अधिक हिमपात हुआ है। अटल टनल में साढ़े 4 फुट से ऊंची बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। इन दिनों मनाली आ रहे सैलानी बर्फ के फाहों का आनंद उठा रहे हैं।
बता दें कि बुधवार सुबह हिमपात का क्रम थम गया और मौसम खुल गया। लगभग 2 घंटे मौसम साफ रहने के बाद 11 बजे फिर से बादल छा गए और दोपहर बाद ऊंची चोटियों में फिर से बर्फ के फाहे गिरने का दौर शुरू हो गया। रोहतांग दर्रे सहित मनाली-लेह मार्ग में भारी हिमपात हुआ है। कुल्लू-मनाली सहित लाहौल की समस्त ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी से मनाली व लाहौल के किसान बागवान भी खुश हैं।
वहीं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ों पर हो रहे हिमपात से पर्यटन को संजीवनी मिली है। आने वाले समय में बर्फ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सुबह के समय पर्यटकों ने खिली धूप में बर्फ का आनंद लिया जबकि शाम को बर्फ के फाहों ने सैलानियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शाम 4 बजे हिमपात का क्रम बढ़ता देख सभी पर्यटकों को वापस मनाली भेज दिया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here