छात्रा से रेप व मर्डर मामला : बेटी से दरिंदगी पर उबला हिमाचल

Edited By Punjab Kesari, Updated: 09 Jul, 2017 08:20 PM

rape and murder case from student himachal boiled on animalism from daughter

कोटखाई के महासू स्कूल में पढऩे वाली ठियोग के शिरगुली गांव की मासूम बेटी की रेप और मर्डर मिस्ट्री से पुलिस अभी तक पर्दा नहीं उठा पाई है।

शिमला: कोटखाई के महासू स्कूल में पढऩे वाली ठियोग के शिरगुली गांव की मासूम बेटी की रेप और मर्डर मिस्ट्री से पुलिस अभी तक पर्दा नहीं उठा पाई है। इससे पूरा हिमाचल गुस्से में है। सरकारें बेशक शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अव्वल होने का दम भरती रही हों लेकिन इसी सूबे में एक बेटी इसलिए दरिंदगी की शिकार हुई क्योंकि घर और स्कूल की दूरी कई किलोमीटर थी। बीच में जंगल छात्रा की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री शिक्षा को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के दावे करते नहीं थकते लेकिन शिरगुली की छात्राओं के लिए महासू जैसा स्कूल नहीं खोल पाए। 

सरकार और पुलिस सिस्टम सवालों के घेरे में
सवालों के घेरे में सरकार और पुलिस सिस्टम दोनों ही हैं। आधुनिक संचार युग की शिमला पुलिस अब तक दरिंदों का कोई सुराग नहीं तलाश पाई है। पुलिस ने जांच के नाम पर कुछ भी हासिल नहीं किया है। टे्रनिंग और आधुनिक जांच के नाम पर करोड़ों खर्च करने वाली पुलिस पीड़ित परिवार को इतना भी आश्वस्त नहीं कर पाई कि वह कुछ दिन के भीतर ही सही आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल देगी। 

एस.पी. शिमला ने संभाल रखी है कमान
मौके की कमान जिला शिमला के पुलिस कप्तान डी.डब्ल्यू. नेगी ने संभाल रखी है। वह 2 दिन से कोटखाई क्षेत्र में हैं। वह टीम को लगातार निर्देश दे रहे हैं लेकिन पुलिस ने इस अत्यंत संवेदनशील मसले में एस.आई.टी. गठित करना तक जरूरी नहीं समझा है। इस घटना से लोगों का आक्रोश प्रदर्शन-जुलूसों के रूप में साफ नजर आ रहा है। लोग यही कह रहे हैं ‘शर्म करो सरकार, शर्म करो पुलिस’। जुलूस निकालने का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। ये सभी पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय देने और हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। 

पीड़ित परिवार ने दी आंदोलन की चेतावनी
मृतक छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, उससे बड़ी सजा दरिंदों को मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। अगर हत्यारे जल्द न पकड़े गए तो वह लोगों के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ देंगे, वहीं छात्रा की माता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ दिल्ली के निर्भया सरीखे कांड की पुनरावृत्ति हुई है। बेटी के दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। पीड़ित परिवार का कहना है कि ऐसे संगीन अपराध होने पर मुख्यमंत्री को खुद उनके गांव आना चाहिए। 

भाजपा ने मांगी सी.बी.आई. जांच
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त का कहना है कि छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच करवाने में पुलिस और सरकार असहाय साबित हुई है। पुलिस 6 दिन बाद भी घटना की तह तक नहीं पहुंच पाई है। अब इस केस को सी.बी.आई. को सौंप देना चाहिए। हिमाचल जैसे शांतप्रिय प्रदेश में निर्भया कांड की पुनरावृत्ति हो रही है। प्रदेश में आए दिन जघन्य अपराध की घटनाएं हो रही हैं लेकिन सरकार इन पर काबू पाने में विफल रही है। छात्रा के साथ हुई वारदात को काले अध्याय के तौर पर देखा जाएगा। 

निर्भया से भी बड़ी घटना
शिमला के पूर्व मेयर संजय चौहान का कहना है कि छात्रा से रेप और मर्डर वाला मामला निर्भया से भी बड़ा है। निर्भया से तो पूरा देश हिल गया था। महासू स्कूल की छात्रा के मामले में भी सरकार को संवेदनशीलता दिखानी होगी। मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है, वह अभी तक इस मामले में खामोश हैं। यह दर्दनाक और अमानवीय घटना है। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। यह कानून व्यवस्था से जुड़ा सवाल है। शिमला में इससे पहले युग हत्याकांड हुआ फिर अंकुश नामक व्यक्ति को टुटू से अगवा कर बिलासपुर में मार डाला। पिछले दिनों फोरैस्ट गार्ड होशियार सिंह की हत्या हुई। सरकार को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। 

जनवादी महिला समिति पीड़ित परिवार के साथ
जनवादी महिला समिति की पदाधिकारी फालमा चौहान का कहना है कि उनका संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता करेगा। यह घटना सभ्य समाज में अत्यंत निंदनीय है। सरकार को चाहिए कि वह कानून व्यवस्था को और दुरुस्त करे। अगर दोषी जल्द न पकड़े गए तो फिर समिति आंदोलन छेड़ देगी।

क्या कहते हैं पुलिस के अधिकारी
हिमाचल प्रदेश के कानून एवं व्यवस्था के ए.डी.जी.पी. डा. अतुल वर्मा का कहना है कि छात्रा से रेप के बाद मर्डर केस को लेकर शिमला के एस.पी. व ठियोग के डी.एस.पी. जांच कर रहे हैं। आला अधिकारी भी पूरे मामले पर पैनी नजर रखे हुए हैं। सबकी कोशिश यही है कि आरोपी जल्द पकड़े जाएं। एस.आई.टी. से भी बड़ी टीम जांच कर रही है। उम्मीद है कि पुलिस को जल्द ही सफलता मिलेगी। वहीं डी.एस.पी. ठियोग मनोज जोशी ने बताया कि हमारी टीम आज भी मौके पर है। उसकी अगुवाई एस.पी. साहब कर रहे हैं। जैसे ही कोई सुराग हाथ लगेगा जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को बारीकी से जांचा जा रहा है। इसमें तमाम तरह की कडिय़ों को जोड़ा जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!