Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2023 09:15 PM

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सेब के गिरते दामों से परेशान हिमाचली बागवानों के समर्थन में उतर आई हैं। इसके तहत उन्होंने अडानी के बहाने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है।
शिमला (राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सेब के गिरते दामों से परेशान हिमाचली बागवानों के समर्थन में उतर आई हैं। इसके तहत उन्होंने अडानी के बहाने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि आपदा के इस कठिन दौर में हिमाचल प्रदेश के बागवानों पर परेशानियों का पहाड़ टूटा हुआ है। प्रधानमंत्री जी के मित्र अडानी उनकी परेशानियों को क्यों बढ़ा रहे हैं? खबरों के मुताबिक अडानी के दाम जारी करने के बाद सेब की पेटियां पहले से एक तिहाई दाम में बिक रही हैं। आपदा के समय ऐसा करना शर्मनाक है। जहां हिमाचल के किसानों और बागवानों को मदद की जरूरत है, वहीं उन्हें तोड़ा जा रहा है। उन्होंने पूछा है कि प्रधानमंत्री जी इस लूट को रोकने के लिए कुछ कर क्यों नहीं रहे? प्रियंका गांधी का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। साथ ही सूचना ये भी है कि जल्द ही प्रियंका गांधी प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर आएंगी। इसके तहत वह 4 जिलों कुल्लू, मंडी, सोलन व शिमला के आपदा प्रभावितों क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं।

घड़ियाली आंसू बहा रहीं प्रियंका : सुरेश भारद्वाज
उधर, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सेब के दाम गिरने पर घड़ियाली आंसू बहा रही हैं। दिल्ली में बैठे कांग्रेस नेताओं को यह तो मालूम होना चाहिए कि हिमाचल में उनकी पार्टी की सरकार है। ऐसे में यदि सेब मंडी में कोई गड़बड़ हो रही है तो उसके लिए उनकी सरकार दोषी है। भारद्वाज ने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस ने यह गारंटी दी थी कि बागवान फलों के दाम तय करेंगे, लेकिन आज इसका दोष केंद्र सरकार पर मढ़ा जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here