Edited By kirti, Updated: 28 Apr, 2019 04:25 PM
एन.जी.टी. के आदेशों के बाद नगर परिषद सोलन ने अश्विनी नदी पर बहने वाले नालों की फैंसिंग कर दी है। यहां 2 नाले हैं जो अश्विनी नदी की ओर बहते हैं जिस पर नगर परिषद ने पक्की जालियां लगाई हैं ताकि पानी के साथ गंदगी नदियों को गंदा न करे। गौर हो कि वर्ष...
सोलन : एन.जी.टी. के आदेशों के बाद नगर परिषद सोलन ने अश्विनी नदी पर बहने वाले नालों की फैंसिंग कर दी है। यहां 2 नाले हैं जो अश्विनी नदी की ओर बहते हैं जिस पर नगर परिषद ने पक्की जालियां लगाई हैं ताकि पानी के साथ गंदगी नदियों को गंदा न करे। गौर हो कि वर्ष 2018 में अश्विनी नदी का एक वीडियो वायरल हो गया था, जिसमें पूरी अश्विनी नदी में प्लास्टिक की गंदगी दिख रही थी।
इससे हर बार बरसात में अश्विनी खड्ड पर चल रही पेयजल योजनाएं ठप्प हो जाती हैं और लोगों के बीमार होने का भी खतरा बना रहता है। इसका दंश सोलन शहर 4 वर्ष पूर्व फैले पीलिया के रूप में झेल चुका है। वीडियो वायरल होने के बाद नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया और इसकी जांच के आदेश दिए थे। एन.जी.टी. ने शिमला नगर निगम व सोलन नगर परिषद को अश्विनी खड्ड को गंदा न करने व शहरों से निकलने वाली गंदगी को नालों में न फैंकने के आदेश दिए थे। सोलन शहर के दो नाले शक्तिनगर नाला और शूलिनी नगर नाला अश्विनी खड्ड की ओर बहते हैं।
अश्विनी खड्ड में आई गंदगी के वीडियो की पूरी जांच की गई व यह वीडियो सही पाया गया था। इसके बाद एन.जी.टी. ने इसकी सफाई व गंदगी फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटने के लिए कड़े आदेश जारी किए थे। हालांकि अश्विनी खड्ड में अधिकतर गंदगी शिमला की ओर से आती है और सोलन शहर से निकलने वाले नाले से बहुत कम गंदगी अश्विनी तक पहुंचती है फिर भी नगर परिषद ने इन नालों को एन.जी.टी. के आदेशों के बाद साफ करवाकर नालों के ऊपर फैंसिंग कर दी है ताकि इसमें फैंका गया प्लास्टिक व अन्य कचरा खड्ड तक न पहुंचे।