Edited By Vijay, Updated: 07 Mar, 2024 06:53 PM
प्रदेश में चल रही सियासी हलचल के बीच वीरवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ओकओवर पहुंच कर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। कैबिनेट बैठक से पहले हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा...
शिमला (राक्टा): प्रदेश में चल रही सियासी हलचल के बीच वीरवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ओकओवर पहुंच कर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। कैबिनेट बैठक से पहले हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा हुई। इस बैठक को लेकर सियासी गलियारों में भी खासी चर्चा बनी हुई है। ओकओवर में हुई बैठक के बाद मुख्यमंंत्री सुक्खू के साथ ही वाहन में बैठकर मंत्री विक्रमादित्य सिंह सचिवालय पहुंचे। यहां भी दोनों नेताओं के बीच कुछ समय तक विभिन्न मुद्दों पर मंत्रणा हुई। इसके बाद विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री के साथ सचिवालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में पहुंचे। इस बैठक में भाग लेने के बाद विक्रमादित्य सिंह दिल्ली के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से करेंगे मुलाकात
इससे पहले सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात हुई है। इस दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और उनका वहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने का कार्यक्रम है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बीते दिनों हिमाचल आए थे। इस दौरान उन्होंने करीब 4 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इसके साथ ही सीआरएफ के तहत प्रदेश को 200 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ऐसे में आचार संहिता लगने से पहले ये राशि प्रदेश को मिल जाए, उसके लिए प्रयास हो रहे हैं। इसके तहत ई-मेल के माध्यम से प्रपोजल भेजे जा चुके हैं और अब वह व्यक्तिगत तौर पर दिल्ली जा रहे है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य न रुकें, इसके लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
केंद्र से सहयोग मिलेगा तो काम तेजी से आगे बढ़ेंगे
विक्रमादित्य सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में सभी विभाग मुरम्मत व अन्य कार्यों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री स्वंय भी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से सहयोग मिलेगा तो काम तेजी से आगे बढ़ेंगे। एक सवाल के जवाब में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह अधिकारिक दौरे के तहत दिल्ली जा रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here