MC Palampur Budget : करों की दरों में बढ़ौतरी नहीं, न ही कोई नया कर लगाया

Edited By Vijay, Updated: 28 Feb, 2024 09:15 PM

mc palampur budget

नगर निगम के वार्षिक बजट में 45 करोड़ 96 लाख 5 हजार की कुल आय का अनुमान रखा गया है, वहीं कुल अनुमानित व्यय 40 करोड़ 18 लाख 5 हजार रुपए आंका गया। नगर निगम ने आय का जो अनुमान रखा है उसमें पूंजीगत प्राप्तियां से 39 करोड़ 7 लाख रुपए जबकि राजस्व...

पालमपुर (भृगु): नगर निगम के वार्षिक बजट में 45 करोड़ 96 लाख 5 हजार की कुल आय का अनुमान रखा गया है, वहीं कुल अनुमानित व्यय 40 करोड़ 18 लाख 5 हजार रुपए आंका गया। नगर निगम ने आय का जो अनुमान रखा है उसमें पूंजीगत प्राप्तियां से 39 करोड़ 7 लाख रुपए जबकि राजस्व प्राप्तियां से 4 करोड़ 27 लाख रुपए प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। बजट में 19 करोड़ 89 लाख 15 हजार रुपए राजस्व व्यय जबकि 20 करोड़ 28 लाख 90 हजार रुपए पूंजीगत व्यय आंका गया। नगर निगम का तीसरा वार्षिक बजट महापौर गोपाल चंद नाग ने प्रस्तुत किया। बजट में तत्कालीन नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में किसी नए कर को प्रस्तावित नहीं किया गया है, वहीं पुराने करों की दरों में भी बढ़ौतरी भी नहीं की गई है। नगर निगम में मर्ज अनेक क्षेत्रों में पहले से ही टैक्स होलीडे 31 मार्च तक है। ऐसे में बजट में इस बात का उल्लेख नहीं किया गया है कि यदि टैक्स होलीडे पीरियड में बढ़ौतरी नहीं होती है तो मर्ज एरिया में भी तत्कालीन नगर परिषद की तर्ज पर करों की वसूली की जाएगी या नहीं।

परिसंपत्तियों से किराए की उगाही लक्ष्य से कम रही
गत वर्ष के बजट में नगर निगम ने अपनी परिसंपत्तियों से किराए की उगाही को प्राथमिकता के आधार पर करने का लक्ष्य रखा था परंतु नगर निगम उस लक्ष्य से पीछे रह गया है। नगर निगम ने 36 लाख लंबित अदायगी के स्थान पर 25 लाख लंबित अदायगी ही प्राप्त कर सका। यद्यपि नगर निगम ने बैंकों में सावधि जमा धनराशि से 16 लाख की आय का लक्ष्य रखा था परंतु टैक्स दरों में बढ़ौतरी से नगर निगम को 27 लाख रुपए की धनराशि प्राप्त हुई है। नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर गारबेज कलैक्शन में अपनी जेब से अधिक धनराशि व्यय की जा रही है जबकि डोर-टू-डोर गारबेज कलैक्शन की एवरेज में मात्र 25 प्रतिशत धनराशि ही नगर निगम को प्राप्त हो रही है। ऐसे में अब नगर निगम ने आवासीय व व्यावसायिक भवनों का जिओ सर्वे करवाने का निर्णय लिया है तथा इसके लिए 15 लाख 12 हजार 492 रुपए का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।

वार्डों के विकासात्मक कार्य के लिए धनराशि निर्धारित
चालू वित्त वर्ष में नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों द्वारा दिए गए अनुमोदन पर सड़कों, पुलों व अन्य विकासात्मक कार्यों हेतु लगभग 6 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसमें सड़क, पुलों व फुटपाथ आदि की मुरम्मत हेतु 1 करोड़, विभिन्न रास्तों में टाइल, इंटर लॉकिग हेतु 1 करोड़ रुपए, सड़क का चौड़ीकरण करवाने हेतु 50 लाख रुपए एवं अन्य विकासात्मक कार्यों हेतु 4 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।

कचरा प्रबन्धन हेतु लक्ष्य
इस वित्तीय वर्ष में कूड़ा संयंत्र केंद्र के लिए 3 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं। नगर निगम द्वारा रसोई के गीले कचरे को खाद में बदलने हेतु 3 जैविक कचरा परिवर्तक मशीनें स्थापित की गईं, जिसमें प्रत्येक मशीन की क्षमता 1700 किलोग्राम प्रतिदिन है। नगर निगम द्वारा संयंत्र स्थल पर 1000 किलोग्राम प्रति घंटा क्षमता की एक प्लास्टिक श्रैडर मशीन स्थापित की गई है, जिसमें प्लास्टिक को छोटे-छोटे टुकड़ों में परिवर्तित करके सीमैंट प्लांट को भेजा जा रहा है। संयंत्र में पुराने कचरे को साफ करने एवं कचरे को अलग करने हेतु 200 टन प्रतिदिन क्षमता वाली एक ट्रॉमेल मशीन स्थापित की गई है। नगर निगम द्वारा अब तक इस वर्ष में 600 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरा सीमैंट प्लांट भेजा जा चुका है। मशीनरी के संचालन के लिए व्यक्तिगत ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त 12 जैविक अपशिष्ट परिवर्तक का निर्माण भी ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन स्थल आईमा में किया गया है। इन सब विकासात्मक कार्यों के अतिरिक्त भविष्य में सीएसआईआर पालमपुर की सहायता से जैविक खाद का व्यवसायीकरण करने, 2 तालाबों में दूषित जल के प्रभावी उपचार की योजना व बायोगैस प्लांट बनाने का भी प्रस्ताव है ।

प्रधानमंत्री आवास योजना में 1 करोड़ 75 लाख रुपए प्रस्तावित
नगर निगम पालमपुर को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक 470 घरों की स्वीकृति केन्द्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त हो चुकी है। 470 लाभार्थियों में से 95 लाभार्थियों ने अपने घरों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया एवं 375 लोगों के गृह निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में नगर निगम द्वारा वित्त वर्ष 2023-24 में 205 लोगों को 1 करोड़ एक लाख रुपए का अनुदान दिया गया है जबकि चालू इस वित्त वर्ष में 1 करोड़ 75 लाख रुपए प्रस्तावित है। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में कुल 126 में से 47 स्ट्रीट वैंडर्स को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 7 प्रतिशत ब्याज दर पर 10-10 हजार रुपए का ऋण रोजगार को बढ़ावा देने हेतु उपलब्ध करवाया गया है। इसके अतिरिक्त 7 स्ट्रीट वैंडर्स को दूसरी बार 20 हजार रुपए एवं 11 स्ट्रीट वैंडर्स को तीसरी बार 50 हजार रुपए तक का ऋण दिया जा चुका है।

विभिन्न वार्डों में लगेंगी 200 सोलर स्ट्रीट लाइट्स
बजट में स्ट्रीट लाइट्स हेतु 3 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। विभिन्न वार्डों में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगवाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। पीसीसीएन चौक से सौरव वन विहार, न्यूगल चौक से एसएसबी चौक, एसएसबी चौक से राम चौक तक पहले चरण में इलैक्ट्रिक लाइट्स लगाई जाएंगी।

नालों-कूहलों का होगा तटीकरण
नालों-कूहलों के तटीकरण हेतु लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कूहलों के रखरखाव एवं साफ-सफाई से संबंधित कार्य इस वर्ष भी करवाया जाएगा।

पार्किंग व सफाई व्यवस्था
पालमपुर में पर्यटन व लोगों की आवाजाही को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था में सुधार हेतु राधा-कृष्ण मंदिर के पास बनी पार्किंग के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। यहां लगभग 80 गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी पार्किंग बनाने का लक्ष्य है। नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने हेतु लगभग 3 करोड़ 17 लाख रुपए का टैंडर किया गया है। पालमपुर शहर व नगर निगम क्षेत्र को साफ-स्वच्छ बनाने हेतु इस वित्त वर्ष 3 करोड़ 58 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है।

नए पार्कों का होगा निर्माण, पुरानों की होगी मुरम्मत
नए पार्कों का निर्माण, ओपन जिम, पार्क व पुराने पार्कों की मुरम्मत हेतु 50 लाख रुपए प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त नए पार्कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए व खेल मैदान के विकास हेतु 20 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है।

शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा का होगा नवीनीकरण
शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा, शहीद कैप्टन विकम बत्रा, शहीद कैप्टन सौरभ कालिया, शहीद मेजर सुधीर वालिया व अन्य कई वीर सपूतों की याद में इनकी प्रतिमाओं का निर्माण व नवीनीकरण किया गया है। नगर निगम द्वारा वर्ष 2024-25 में शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा का नवीनीकरण करवाया जाएगा। वहीं महाराणा प्रताप की प्रतिमा का निर्माण नन्दन पार्क में इस वित्त वर्ष में किया जाएगा।

अन्य महत्वपूर्ण कार्य
पालमपुर स्थित पुस्तकालय का 6 लाख 73 हजार रुपए से जीर्णाेंद्धार और वार्ड नंबर-1 में 70 लाख रुपए हैल्थ एंड वैलनेस सैंटर का निर्माण किया जाएगा। सामुदायिक केन्द्र का निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए एवं नगर निगम आयुक्त आवास के निर्माण के लिए 70 लाख रुपए प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री शहरी आजीविका गारंटी योजना
मुख्यमंत्री शहरी आजीविका गारंटी योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष 1 करोड़ 25 लाख रुपए का बजट प्रस्तावित है। गत वर्ष 1 करोड़ 27 लाख 53 हजार 431 रुपए की धनराशि राज्य सरकार से प्राप्त हुई है। नगर निगम कार्यालय द्वारा गत वर्ष लगभग 43 लाख 72 हजार 125 रुपए खर्च किए जा चुके हैं।

नगर निगम की खाली भूमि बारे योजना
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में नगर निगम की जो भूमि खाली पड़ी है उस बारे उचित सर्वे करने के पश्चात उस भूमि पर पर्यटन की दृष्टि से उपयुक्त स्थानों को विकसित किया जाए, जिसमें कैफे, रैस्टोरैंट, पार्क इत्यादि हेतु स्थान चिन्हित किए जाएंगे ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा मिले एवं नगर निगम की आय के नए स्त्रोत बन सकें।

ये रहे उपिस्थत
नगर निगम के बजट में उपमहापौर राजकुमार, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशीष शर्मा, अधिशासी अभियंता अभिनव सकलानी, पूर्व महापौर पूनम बाली, पार्षद राधा सूद, शशि डिंपल, निशा राज, नीलम मलिक, कुसुम लता, विनय कपूर, निशा देवी, निशा देवी, निर्दलीय पार्षद संजय राठौर तथा दिलबाग सिंह, भाजपा पार्षद संतोष अकेला व मोनिका शर्मा, मनोनीत पार्षद राजकुमार ठाकुर, अमित शर्मा मनु, शशि राणा, कमलेश कुमारी, राकेश कुमार घोघरा उपस्थित रहे जबकि पूर्व उपमहापौर अनीश नाग तथा खलेट वार्ड से पार्षद इंदु ठाकुर अनुपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!