Edited By Vijay, Updated: 30 Jun, 2019 06:39 PM
प्रदेश के युवाओं को नशे से मुक्त करने के मकसद से हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में मैराथन का आयोजन किया, जिसमें दौड़ के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेश सीता राम मरड़ी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम...
शिमला (योगराज): प्रदेश के युवाओं को नशे से मुक्त करने के मकसद से हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में मैराथन का आयोजन किया, जिसमें दौड़ के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेश सीता राम मरड़ी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग द्वारा नशे पर लगाम लगाने के लिए स्टूडैंट पुलिस कैडेट प्रोग्राम, ड्रग फ्री हिमाचल एप, नशा निवारण टोल फ्री नम्बर 1908 और साइबर क्राइम वैबसाइट व हैल्पलाइन नम्बर 15526 की लॉन्चिंग की, जिसके माध्यम से लोग नशे का कारोबार करने वालों की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं।
नशे के खिलाफ सभी को जागरूक होने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ सभी को जागरूक होने की जरूरत है तभी प्रदेश के युवाओं को इससे बचाया जा सकता है। सरकार ने नशे पर लगाम लगाने के लिए कानून को सख्त किया है, जरूरत पडऩे पर और भी सख्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्री से बीते वर्ष नशे पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने का आग्रह किया था, जिसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं और नशे का कारोबार करने वालो पर नकेल कसी गई है। इस वर्ष भी सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ मीटिंग करने की कोशिश करेगी।
स्टूडैंट्स कैडेट्स प्रोग्राम के तहत 60 स्कूलों के बच्चों दी जाएगी ट्रेनिंग
स्टूडैंट्स कैडेट्स प्रोग्राम के माध्यम से प्रदेश के चयनित 60 स्कूलों के बच्चों को स्वच्छता, कानून के प्रति सम्मान और ट्रैफिक रेगुलेट करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रत्येक स्कूल की 8वीं और 9वीं कक्षा के 30 से 45 बच्चों का चयन इसके लिए किया जाएगा। इस प्रोग्राम के लिए 157 पुलिस जवानों को ट्रेनिंग दी गई है जो बच्चों को स्कूलों में आगे इसकी ट्रेनिंग देंगे। ड्रग फ्री हिमाचल एप के माध्यम से पुलिस को नशे से संबंधित सूचना देने वाले का नाम व पते के बारे में पता नहीं चल पाएगा। व्यक्ति की जानकारी गोपनीय रहेगी।
मैराथन में 50 दिव्यांगों और 15 वरिष्ठ नागरिकों ने लिया भाग
नशा निवारण टोल फ्री नंबर 1908 और साइबर क्राइम वैबसाइट व हैल्पलाइन नम्बर 15526 के माध्यम से नशे का कारोबार करने वालों की शिकायत लोग पुलिस को दे सकते हैं। पुलिस ने नशे के खात्मे के लिए प्रदेश में एक व्यापक अभियान छेडऩे का प्रयास किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों को नशे से दूर रहने और कानून व्यवस्था के सम्मान की शपथ भी दिलाई। मैराथन में 50 दिव्यांगों और 15 वरिष्ठ नागरिकों ने भी भाग लिया।