Edited By prashant sharma, Updated: 16 Jul, 2020 11:46 AM
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से धरती हिली है। इस बार भूकंप के हल्के झटके ऊना जिले में महसूस किए गए हैं। जिले में गुरुवार सुबह भूकंप का हल्का झटका लगा है।
शिमला : हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से धरती हिली है। इस बार भूकंप के हल्के झटके ऊना जिले में महसूस किए गए हैं। जिले में गुरुवार सुबह भूकंप का हल्का झटका लगा है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्कैल पर 2.3 मापी गई है। जमीन से दस किमी अंदर इसका केंद्र था। भूकंप सुबह 4 बजकर 47 मिनट पर आया। हालांकि, इस दौरान किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने भूकंप आने की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश में बीते 15 दिन में तीन बार हल्का भूकंप आया है। इससे पहले, सात जुलाई को किन्नौर में भूकंप आया था, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.2 थी। बीते दो जुलाई को चंबा जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 थी। भूकंप का केंद्र जम्मू और कश्मीर और 5 किलोमीटर का दायरा रहा था। गौरतलब है कि हिमाचल में चंबा जिले में सबसे अधिक भूकंप आता है।
इसके बाद शिमला, मंडी और किन्नौर जिलों में सबसे ज्यादा बार धरती हिलती है। हाल ही में भूकंप वैज्ञानियों ने बड़े हिमालयी भूकंप को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने इसे लेकर शिमला जैसे पहाड़ी शहरों के साथ ही नई दिल्ली जैसे मैदानी शहरों को भी चेतावनी दी है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बड़े भूकंप के लिए ये दोनों शहर तैयार नहीं हैं।