Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2019 05:42 PM
उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चकुरठा के गांव दलयाड़ा व फगवाना में तेंदुए ने आतंक मचा रखा है, जिस कारण उक्त क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार तेंदुए ने दलयाड़ा गांव के निवासी बिहारी की चरागाह मेंं तबाही मचाते हुए 8 मवेशियों को अपना...
कुल्लू (दिलीप): उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चकुरठा के गांव दलयाड़ा व फगवाना में तेंदुए ने आतंक मचा रखा है, जिस कारण उक्त क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार तेंदुए ने दलयाड़ा गांव के निवासी बिहारी की चरागाह मेंं तबाही मचाते हुए 8 मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए ने बिहारी लाल की 6 भेड़ों, एक बैल व एक गाय को एक दिन में ही मार गिराया है।
फगवाना मिडल स्कूल के समीप घटी घटना
बिहारी लाल के बेटे पुरषोत्तम शर्मा ने बताया कि उनके मवेशी घर के समीप खेतों में चर रहे थे कि अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और 6 भेड़ों सहित 8 मवेशी मार डाले। उन्होंने बताया कि यह घटना फगवाना मिडल स्कूल के समीप घटी जहां करीब 250 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया तो ये तेंदुए स्कूल में भी हमला कर सकते हैं और बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
पिछले कई महीनों से बेखौफ घूम रहे 2 तेंदुए
उधर, ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से यहां 2 तेंदुए बेखौफ घूम रहे हैं और लोगों के मवेशियों को शिकार बना रहे हैं, जिस कारण क्षेत्र में भयका माहौल है। रात को तो एक गांव से दूसरे गांव जाना मुश्किल हो गया है जबकि बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकाला जा रहा है। यही नहीं, बच्चों को स्कूल भी अकेले भेजने से लोग डर रहे हैं। इससे पहले क्षेत्र में ये तेंदुए करीब दो दर्जन कुत्तों को अपना शिकार बना चुके हैं। लोगों ने विभाग व प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र इन तेंदुओं को पकड़ा जाए।