Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2019 09:59 PM
मनाली-लेह मार्ग रविवार को करीब 4 घंटे तक आवाजाही के लिए प्रभावित रहा। यहां रोहतांग दर्रे के समीप जहां भू-स्खलन होने से गाड़ियों की आवाजाही थम गई, वहीं बंता मोड़ के समीप सड़क पर दलदल बनने से गाड़ियों की रफ्तार वैसे ही रुक गई।
मनाली (सोनू): मनाली-लेह मार्ग रविवार को करीब 4 घंटे तक आवाजाही के लिए प्रभावित रहा। यहां रोहतांग दर्रे के समीप जहां भू-स्खलन होने से गाड़ियों की आवाजाही थम गई, वहीं बंता मोड़ के समीप सड़क पर दलदल बनने से गाड़ियों की रफ्तार वैसे ही रुक गई। रविवार सुबह ही जहां रोहतांग के दीदार करने के लिए सैंकड़ों की संख्या में सैलानी दर्रे पर पहुंचे हुए थे, वहीं लाहौल-स्पीति में पर्यटन सीजन के पूरे यौवन पर होने से दर्रे को पार करने वाले लोगों की संख्या भी काफी अधिक थी, ऐसे में रोहतांग दर्रे के समीप ही रविवार दोपहर को अचानक भू-स्खलन हो गया और मनाली-लेह मार्ग पर करीब 4 घंटे तक गाडिय़ों की आवाजाही ठप्प रही।
बी.आर.ओ. को जैसे ही दर्रे के समीप भू-स्खलन की जानकारी मिली तो बी.आर.ओ. के जवान दर्रे पर पहुंच गए और पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने में जुट गए। हालांकि इस बीच कुछ देर के लिए मौसम भी खराब हो गया और दर्रे पर बारिश की फुहारें भी गिरीं। बी.आर.ओ. के जवानों ने मनाली-लेह मार्ग की बहाली का कार्य जहां युद्धस्तर पर शुरू किया, वहीं करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया। केलांग डिपो के आर.एम. मंगल चंद मनेपा ने बताया कि दर्रे पर भू-स्खलन होने से बसों की आवाजाही भी देरी से हुई है।