भरमौर-चम्बा-पठानकोट NH पर गिरा पहाड़, जान जोखिम में डालकर पैदल मलबा लांघने को यात्री मजबूर

Edited By Vijay, Updated: 17 Mar, 2026 05:06 PM

landslide on bharmour chamba pathankot nh

हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद भी पहाड़ों से आफत का गिरना जारी है। मंगलवार को भरमौर-चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर लाहल के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया।

भरमौर (उत्तम): हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद भी पहाड़ों से आफत का गिरना जारी है। मंगलवार को भरमौर-चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर लाहल के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गिरा, जिसमें भारी-भरकम चट्टानें और मलबा शामिल था। मार्ग बंद होने से चम्बा और भरमौर के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को मौसम साफ हो गया था, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे लाहल के पास अचानक खौफनाक भूस्खलन हुआ। गनीमत यह रही कि जिस समय यह मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें हाईवे पर गिरीं, उस वक्त वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। यदि उस समय कोई बस या कार वहां से गुजर रही होती, तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

वाहनों की अदला-बदली कर सफर कर रहे यात्री
हाईवे बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चम्बा से भरमौर तथा भरमौर से चम्बा जाने वाले यात्रियों को बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा। परेशान यात्रियों और सवारियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल ही सुरक्षित तरीके से मलबा पार किया और सड़क के दूसरी ओर खड़े निजी वाहनों व टैक्सियों की अदला-बदली कर अपनी आगे की यात्रा पूरी की।

बुधवार शाम तक खुल पाएगा रास्ता 
भूस्खलन की सूचना मिलते ही एनएचएआई और प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत मशीनरी और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया़ लेकिन सड़क पर गिरी चट्टानें इतनी विशाल हैं कि उन्हें हटाना आसान नहीं है। एनएच भरमौर-पठानकोट के कनिष्ठ अभियंता गजन सिंह ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि मार्ग को बहाल करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चट्टानों के कारण सामान्य तरीके से मार्ग खोलना संभव नहीं है। अब बड़ी मशीनरी को बुलाकर पहले इन चट्टानों को तोड़ा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में समय लगेगा और बुधवार शाम तक ही इस हाईवे को पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किए जाने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!