Edited By Jinesh Kumar, Updated: 18 Nov, 2020 06:31 PM
डुगियारी गांव के वार्ड 4 के महिला मंडल के सदस्यों ने बुधवार को विधायक पवन काजल के कार्यालय पहुंच कर कहा कि त्योहारों के सीजन में भी नलकों में पीने के पानी की आपूर्ति न होने के कारण गृहणियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांव में लगे हैंडपंप की...
कांगड़ा (कालड़ा): डुगियारी गांव के वार्ड 4 के महिला मंडल के सदस्यों ने बुधवार को विधायक पवन काजल के कार्यालय पहुंच कर कहा कि त्योहारों के सीजन में भी नलकों में पीने के पानी की आपूर्ति न होने के कारण गृहणियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांव में लगे हैंडपंप की मोटर भी खराब होने कारण पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। महिला मंडल अध्यक्ष स्वर्ण लता ने कहा एक तरफ मुख्यमंत्री हर घर में नल और पानी सुनिश्चित करने का डिंडोरा पीट रहे हैं जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल उल्ट है। इस पर विधायक पवन काजल ने कहा कि जल शक्ति विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने पर उन्हें अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव लाना होगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो वह ग्रामीणों के साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। काजल ने कहा कि मौजूदा सरकार में अफसरशाही बेलगाम है। अधिकारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के बजाए टाइमपास कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 3 साल में न तो किसी नई योजना की डीपीआर बनाई गई और जो पेयजल योजनाओं का कार्य चला है वो भी कछुआ चाल हैं।
काजल ने निजी खर्च से हैंडपंप की मोटर महिलाओं को मुहैया करवाकर 5 घंटों भीतर खराब हैंडपंप से पानी की सप्लाई को बहाल करवाकर महिलाओं को राहत पहुंचाई। काजल ने कहा कि दिवाली पर्व पर न तो डिपो में चीनी मिली और न ही अन्य राशन सरकार मुहैया करवा पाई है। देहरा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री में जनसभा दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय पर वाक्युद्ध से जाहिर है डबल इंजन सरकार हिमाचल में फेल है।