Edited By Vijay, Updated: 21 Aug, 2018 05:55 PM
पंचरुखी के नजदीक गांव गदियाड़ा के वार्ड नंबर 2 और 6 नंबर में चोरों ने 3 घरों के ताले तोड़ डाले। यह सारा घटनाक्रम रात के समय हुआ।
पंचरुखी: पंचरुखी के नजदीक गांव गदियाड़ा के वार्ड नंबर 2 और 6 नंबर में चोरों ने 3 घरों के ताले तोड़ डाले। यह सारा घटनाक्रम रात के समय हुआ। चोरों ने सबसे पहले कुलदीप कुमार के घर के 3 दरवाजों के ताले तोड़े। चौथे कमरे में कुलदीप का पुत्र संजीव सोया था, जिसे उन्होंने बाहर से कुंडी को रस्सी से बांधकर बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने अंदर घुसकर अलमारी व ट्रंकों के ताले तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया। इस घटना का पता संजीव कुमार को तब चला जब पड़ोसियों ने शोर मचाया। इस दौरान संजीव कुमार ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन दरवाजा बाहर से बंद पाया। पड़ोसियों ने आकर दरवाजा खोला तब उसने अपने घर का सारा सामान बिखरा हुआ व ताले टूटे हुए देखे। उसने रात को ही पुलिस को चोरी के संदर्भ में अवगत करवाया।
ट्रंक व अलमारी का ताला तोड़ बिखेर दिया सामान
दूसरी वारदात वार्ड नंबर 6 में रहने कमला देवी के घर पर हुई। यहां चोर कच्चे मकान का ताला तोड़ अंदर घुसे तथा ट्रंक व अलमारी का ताला तोड़कर घर का सारा सामान बिखेर दिया। कमला देवी का सारा परिवार साथ लगते पक्के मकान में सोया हुआ था। चोरी की वारदात का पता उन्हें सुबह चला। कमला देवी ने सुबह घर के ताले टूटे हुए पाए तो पुलिस को घटना की जानकारी दी।
तीसरे घर से उड़ाए 2 लाख के गहने
चोरों ने तीसरी घटना को सुभाष चंद के घर में अंजाम दिया। सुभाष चंद चंडीगढ़ में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। चोरी के वक्त उसकी मां गुड्डो देवी व उसकी बहू साथ वाले कमरे में सोई हुईं थीं। जब तक उनको चोरों का घर में होने का आभास हुआ तब तक चोर सोने के लगभग 2 लाख के गहने लेकर फरार हो चुके थे। चोरी की सूचना गुड्डो देवी ने थाना पंचरुखी पुलिस को सुबह साढ़े 3 बजे के करीब दे दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस बात की पुष्टि थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने की है।