पंजाब के वित्त मंत्री पर बरसे डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कहा-"दूसरों को नसीहत और खुद मियां फजीहत"

Edited By Vijay, Updated: 13 Mar, 2026 05:19 PM

deputy cm mukesh agnihotri lashes out at punjab finance minister

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के वित्त मंत्री पर करारा हमला बोला है। वित्त मंत्री के वक्तव्यों पर कटाक्ष करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि पंजाब पर साढ़े 4 लाख करोड़ का कर्जा है। वह हिमाचल की बात छोड़ें और अपने घर का ख्याल रखें।

ऊना (सुरेन्द्र): डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के वित्त मंत्री पर करारा हमला बोला है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में जनसभा के दौरान अग्निहोत्री ने वित्त मंत्री के वक्तव्यों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब पर साढ़े 4 लाख करोड़ का कर्जा है। वह हिमाचल की बात छोड़ें और अपने घर का ख्याल रखें। हिमाचल की स्थिति बेहतर है और इस पर उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुनर्गठन के तहत साढ़े 5 हजार करोड़ रुपए हिमाचल की देनदारी पर सुप्रीम कोर्ट ने भी मोहर लगाई है, लेकिन यह पैसा हिमाचल को दे नहीं रहे हैं और बुरा हाल हिमाचल का बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि शानन विद्युत परियोजना पर पंजाब का कोई भी अधिकार नहीं है। शानन कभी भी पंजाब का हिस्सा ही नहीं रहा। इसके बावजूद शानन पर पंजाब कब्जा करके बैठा है। चंडीगढ़ में हिमाचल का हिस्सा 7.19 फीसदी है, लेकिन यह हिस्सा हमें दे नहीं रहे हैं। पंजाब की अपनी स्थिति खराब है। दूसरों को नसीहत और खुद मियां फजीहत बने हुए हैं।

पंजाब में घोंटा जा रहा लोकतंत्र का गला
डिप्टी सीएम ने कहा पंजाब की स्थिति यह है कि वहां लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। देश के सबसे बड़े समाचार पत्र पंजाब केसरी को बंद करवाना चाहते हैं। इसके पीछे मंशा यह है कि पंजाब में चुनाव आ रहे हैं और सरकार नहीं चाहती कि उनके खिलाफ किसी प्रकार की कोई तथ्यों पर आधारित खबर छपे। उन्होंने कहा कि जिस अखबार ने कुर्बानियां दी, जिनके परिवार के 2-2 सदस्य शहीद हो गए, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी, उनका अखबार बंद करवाना चाहते हैं। पंजाब की सरकार कहां की लोकतांत्रिक सरकार हो गई?

हम पहाड़ी जरूर हैं लेकिन किसी से डरने वाले नहीं 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंजाब बताए कि हिमाचल में किसको वेतन नहीं मिला, किसके हक नहीं दिए गए। हिमाचल की सरकार ने ओपीसी दे दी है। हर किसी को उसके हक दिए हैं। पंजाब के वित्त मंत्री का बयान घोर निंदनीय है। हिमाचल पर उंगली उठाने से पहले खुद देखें कि पंजाब की स्थिति क्या हो चुकी है? अग्निहोत्री ने कहा कि जहां तक टोल टैक्स का विषय है तो यह कोई नया नहीं है। हर वर्ष टोल बैरियर नीलाम होते हैं और उसी के हिसाब से यह फीस ली जाती है। यह कोई नहीं बात नहीं है। अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की धरती देवभूमि व वीरभूमि है। हम पहाड़ी जरूर हैं लेकिन किसी से डरने वाले नहीं हैं।

 

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!