भयानक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरे वाहन के उड़े परखच्चे, हमेशा के लिए बुझ गया परिवार का चिराग

Edited By Vijay, Updated: 24 Mar, 2026 06:07 PM

death of youth in road accident

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां चैल-जहल सड़क मार्ग पर स्थित अति संवेदनशील तुन्ना नामक स्थान पर एक बड़ा हादसा सामने आया है।

गोहर (ख्यालीराम): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां चैल-जहल सड़क मार्ग पर स्थित अति संवेदनशील तुन्ना नामक स्थान पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए, वहीं उसमे सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। मृतक की पहचान दीपक पुत्र डीके सिंह चौहान, निवासी गांव स्यास, तहसील चच्योट के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दीपक अपने वाहन (HP 65B-0920) से चैलचौक से अपने घर धंग्यारा-स्यास की ओर लौट रहा था। सफर के दौरान जैसे ही वह तुन्ना के पास पहुंचा तो अचानक वाहन से उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधा गहरी खाई में जा समाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की असामयिक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना से पूरे धंग्यारा और स्यास क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

खस्ताहाल सड़क से लोगों में रोष, मुरम्मत की उठाई मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मार्ग की दुर्दशा पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि तुन्ना क्षेत्र में सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह सड़क धंस चुकी है, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पुरजोर मांग की है कि इस मार्ग की जल्द से जल्द मुरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा हादसों को टाला जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!