Edited By Punjab Kesari, Updated: 14 Feb, 2018 10:09 PM
जंजैहली में एस.डी.एम. कार्यालय को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कड़ा रुख अपना लिया है।
गोहर: जंजैहली में एस.डी.एम. कार्यालय को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कड़ा रुख अपना लिया है। उन्होंने शिमला से दूरभाष पर बताया कि जिस प्रकार से कुछ लोगों ने जंजैहली में एस.डी.एम. कार्यालय के प्रति सरकार को दोषी ठहराया है वह गलत है और आम जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं है। जो लोग जंजैहली में गलत प्रचार करके इस प्रकार का माहौल बना रहे हैं, उन्हें आम जनता को यह भी बताना चाहिए कि इसमें किसकी गलती है। उन्होंने बताया कि अगर कांग्रेस के महाधिवक्ता हाईकोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखते तो आज यह सब नहीं होता। जब इस मामले की पैरवी हुई तो उस दौरान प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस के लिए वकील अदालत में इस केस को देख रहे थे। इन सारी बातों के तथ्यों को छुपाकर ये लोग जंजैहली में अशांति का माहौल जानबूझ कर बना रहे हैं।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बात करें सराज के लोग
उन्होंने बताया कि सराज के सभी लोगों को अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बात करनी चाहिए, ताकि सराज में विकास हो सके। एस.डी.एम. कार्यालय की अधिसूचना सरकार नहीं, बल्कि अदालत ने रद्द की है, जिसमें मुख्यमंत्री व सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। जयराम ठाकुर ने बताया कि जहां पर वे प्रदेश के मुख्यमंत्री हं,ै वहीं पर वे सराज के विधायक भी हंै। सराज के लोगों की पीड़ा उन्हें भी है पर किसी मामले को जानबूझ कर तूल नहीं दिया जाना चाहिए।