Edited By Vijay, Updated: 07 May, 2024 06:07 PM
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर के निरथ नामक स्थान में हिमाचल किसान सभा द्वारा आयोजित लुहरी परियोजना प्रभावित किसानों के सम्मेलन में हिस्सा लिया।
रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर के निरथ नामक स्थान में हिमाचल किसान सभा द्वारा आयोजित लुहरी परियोजना प्रभावित किसानों के सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री एवं मंडी लोकसभा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान परियोजना प्रभावितों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निरथ पहुंचते ही सबसे पहले प्राचीन सूर्य नारायण मंदिर में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उसके बाद 210 मैगावाट की लुहरी परियोजना प्रभावित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों को किसी भी कीमत पर बिकने नहीं दिया जाएगा।
इस दौरान हिमाचल किसान सभा के सचिव एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने लुहरी परियोजना प्रभावितों के 8 सूत्रीय मांग पत्र को सीएम के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल किया जाए। सिंघा ने कहा परियोजना निर्माताओं ने युवाओं को रोजगार देने में भी कोताही बरती है। इस दौरान सीएम ने कहा कि जो भी किसानों एवं परियोजना प्रभावितों की वाजिब मांगें हैं उनको मनवाने के लिए सरकार लगातार प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 15 महीने में लुहरी और सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं के साथ कानूनी लड़ाई जारी है। अगर लुहरी और सुन्नी परियोजनाओं में हिस्सेदारी नहीं मिलती है तो सरकार इसे टेकओवर करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान लोक निर्माण मंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जो परियोजना प्रभावितों की विभिन्न समस्याएं हैं। वे उन्हें मुख्यमंत्री से चर्चा कर सरकार के स्तर पर भी उठाएंगे। उन्होंने बताया कि सुन्नी और लुहरी परियोजनाओं से जुड़ा मामला कई बार उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी और सत्ता में रहते हुए भी विधानसभा में उठाया है। आगे भी मुख्यमंत्री से इस बारे में चर्चा कर रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि वह परियोजनाओं के खिलाफ हैं लेकिन वह चाहते हैं कि हिमाचल में रोजगार के साधन भी आएं और बिजली भी बने लेकिन जो अधिकार क्षेत्र के लोगों का है वह भी मिलना चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here