Chamba: युवकों के साथ मारपीट मामले में 15 आरोपी गिरफ्तार, 4 वाहन जब्त

Edited By Kuldeep, Updated: 14 Nov, 2025 07:45 PM

chamba youth assault case

चम्बा शहर के सुराड़ा मोहल्ले में चामुंडा मंदिर के पास युवकों से मारपीट मामले में पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

चम्बा (काकू चौहान): चम्बा शहर के सुराड़ा मोहल्ले में चामुंडा मंदिर के पास युवकों से मारपीट मामले में पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। जल्द सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हाेंगे। उधर, पुलिस ने एक स्कूटी व 3 बाइकें भी अपने कब्जे में ली हैं, जबकि एक गाड़ी को पहले ही पठानकोट से जब्त किया था। पुलिस को जांच के दौरान वाट्सएप चैट भी मिली है। इसमें सामने आया है कि यह एक सोचा समझा प्लान था। पुलिस इसके मास्टरमाइंड का पता लगा रही है। शुक्रवार को चम्बा शहर में माहौल शांत रहा। लोगों ने पुलिस को 5 बजे तक सभी आरोपियों को पकड़ने का समय दिया था।

इसके चलते करीब 6 बजे शहर के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल व्यापार मंडल प्रधान वीरेंद्र महाजन की अगुवाई में शहरी पुलिस चौकी पहुंचा। इस दौरान पुलिस से मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। आरोप है कि बुधवार को चामुंडा मंदिर के पास कुछ लोगों ने 2 युवकों के साथ मारपीट की थी। वहीं देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहे। काफी संख्या में युवा हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे थे और आते-जाते लोगों को डराने-धमकाने लगे। इस घटना की सूचना शहर में फैलते ही लोग भड़क गए और सिटी पुलिस चौकी पहुंचकर हंगामा कर दिया था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर देर रात तक पुलिस चौकी के बाहर चक्का जाम किया गया। इसके बाद वीरवार को भी दिनभर पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन होता रहा व पुलिस के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए थे।

एएसपी हितेश लखनपाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्हाेंने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी आराेपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने लोगाें से अपील की है कि किसी की धार्मिक भावनाओं को न भड़काएं और शांति बनाए रखें। पुलिस मामले में सभी तथ्य जुटा रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने गश्त के दौरान जागरूक किए लोग
जिला चम्बा पुलिस द्वारा शहर व आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। शुक्रवार को चामुंडा माता मदिंर, सूही माता मंदिर, मैडीकल कालेज, डिग्री कालेज चम्बा, नया बस स्टैंड आदि में गश्त की। गश्त के दौरान लोगों के साथ बातचीत करके सांप्रदायिक शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!