मनाली (ब्यूरो): लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। बुधवार सुबह 10 बजे तांदी बिलिंग के बीच टोकटोकचा नाले में हिमस्खलन होने से लगभग 2 घंटे भागा नदी का बहाव रुक गया। गांव नजदीक न होने के कारण कोई खतरा नहीं था लेकिन नदी का बहाव अधिक देर तक रुक जाता तो खतरा बढ़ सकता था। केलांग-जिस्पा मार्ग पर बरबोग के झुलिंग नाले में भी हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन होने से संपर्क मार्ग बंद हो गया तथा कुछ देर के लिए यहां भी भागा नदी का बहाव रुक गया।
बता दें कि पिछले 3 दिन से लाहौल घाटी में बर्फ बारी का दौर जारी है। दारचा के समीप भी हिमस्खलन हुआ है। हालांकि कहीं से भी कोई जानी नुक्सान की सूचना नहीं है लेकिन बर्फ बारी से जगह-जगह हो रहे हिमस्खलन ने घाटी के लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है। हालांकि आज मौसम थम गया तथा हल्की धूप भी खिली लेकिन बर्फबारी के चलते जगह-जगह हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों विक्रम कटोच और संजय कटोच ने बताया कि ताजा बर्फ बारी के बाद घाटी में जगह-जगह हिमस्खलन हो रहा है। उधर, डीसी लाहौल-स्पीति पंकज राय ने कहा कि ताजा बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हिमस्खलन वाली जगह में न जाएं।
अगर संस्था कर रही सुजानपुर की जनता की मदद तो बीजेपी के पेट में क्यों हो रहा दर्द : लेखराज
NEXT STORY