Edited By Vijay, Updated: 22 Jul, 2025 06:54 PM

ऊना जिला के अम्ब-मुबारिकपुर हाईवे पर मंगलवार काे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा कलरूही के समीप उस वक्त हुआ, जब दो बाइकाें की आपस में टक्कर हाे गई।
अम्ब (अश्विनी): ऊना जिला के अम्ब-मुबारिकपुर हाईवे पर मंगलवार काे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा कलरूही के समीप उस वक्त हुआ, जब दो बाइकाें की आपस में टक्कर हाे गई। इस टक्कर में एक युवक की जान चली गई जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अम्ब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत व जांच कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वीरनाथ (27) पुत्र चमन लाल निवासी होशियारपुर (पंजाब) को तत्काल सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वीरनाथ की मौत की खबर से परिजनों में मातम छा गया है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार सलीम मोहम्मद (20) पुत्र बलि मोहम्मद, जोकि पटीयाड़ी, जिला होशियारपुर (पंजाब) का निवासी है, को इस हादसे में हल्की चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
थाना प्रभारी अम्ब अनिल उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। मृतक वीरनाथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है।