Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2025 11:52 PM

जिला सिरमौर में भारी बारिश के बीच आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के अधिकांश हिस्सों में कई घंटों बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते सड़कों पर जगह-जगह यातायात ठप्प हो गया।
नाहन (हितेश): जिला सिरमौर में भारी बारिश के बीच आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के अधिकांश हिस्सों में कई घंटों बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते सड़कों पर जगह-जगह यातायात ठप्प हो गया। लिहाजा, वाहन चालकों सहित यात्रियों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। विभाग के अनुसार बारिश से जिले में 29 सड़कें अवरुद्ध रहीं। शिलाई में सबसे ज्यादा 20 सड़कें बंद रहीं। इसके साथ साथ संगड़ाह उपमंडल में 5 और नाहन क्षेत्र की 4 सड़कों पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ।
कई घंटे लगातार बारिश जारी रहने से लोक निर्माण विभाग को 1.10 करोड़ रुपए की चपत लगी। कई जगह सड़कों के डंगे गिर गए तो कहीं पहाड़ी से भारी भूस्खलन के चलते सड़कों पर आवाजाही ठप्प रही। सड़कें बंद होने से कई सरकारी और निजी बसें फंसी रहीं। लिहाजा, लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए। इसके अलावा शिलाई विधानसभा क्षेत्र के क्यारी गांव में मकान के समीप डंगा गिरने से इंद्र सिंह पुत्र जग्गीराम को एक लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।
बारिश से कई जगह ट्रांसफार्मर भी बंद रहे। वहीं, जलशक्ति विभाग की योजनाओं को भी बारिश से क्षति हुई है। विभाग नुक्सान की रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। बता दें कि बारिश से नदी-नाले भी उफान पर आ गए हैं। बुधवार को कई छोटे नालों में बाढ़ जैसी तस्वीरें सामने आईं। गनीमत यह रही कि बारिश के बीच किसी तरह के जानी नुक्सान की सूचना नहीं है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक