Edited By Punjab Kesari, Updated: 20 Jun, 2017 10:32 AM
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल की परिवर्तन यात्रा दूसरे दिन जयसिंहपुर पहुंची।
पालमपुर (थुरल): भारतीय जनता पार्टी हिमाचल की परिवर्तन यात्रा दूसरे दिन जयसिंहपुर पहुंची। जयसिंहपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि चुनाव आयोग अपने हिसाब से चुनाव की घोषणा करेगा, लेकिन हिमाचल भाजपा ने 4 परिवर्तन यात्रा शुरू कर विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। परिवर्तन अब सामने दिख रहा है। भाजपा विकास करने के मुद्दे पर तथा भ्रष्टाचार को खत्म करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। पांडेय ने भाजपा के उम्मीदवार को जिताने का आह्वान भी जनता से किया। जनसभा को संबोधित करते हुए यात्रा प्रभारी कृपाल परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार की पोल छोटी-सी बरसात ने खोल दी, जिसमें सड़कें उखड़ गईं।
भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा को प्रदेश भर में मिल रहा समर्थन
आज मुख्यमंत्री और उनका परिवार बेल पर हैं और सरकार के निकट के अधिकारी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में प्रदेश सरकार के प्रति रोष है व प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा को प्रदेश भर में मिल रहा लोगों का अपार समर्थन इस बात का परिचायक है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास नहीं हो पा रहा है प्रदेश सरकार गांव व गरीब को भूल चुकी है, जिसके चलते लोगों का गुस्सा स्वभाविक है। पांडेय ने कहा कि सरकार द्वारा वन माफिया शराब माफिया, खनन माफिया व भू-माफिया को संरक्षण दिए जाने के चलते हिमाचल माफिया राज्य बन कर रह गया है।