Edited By Punjab Kesari, Updated: 29 Aug, 2017 12:59 PM
भुंतर में हुए निर्भया रेप एंड मर्डर केस के बाद प्रवासियों के पंजीकरण की मुहिम में चौंकाने वाले परिणाम सामने आ रहे हैं।
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): भुंतर में हुए निर्भया रेप एंड मर्डर केस के बाद प्रवासियों के पंजीकरण की मुहिम में चौंकाने वाले परिणाम सामने आ रहे हैं। इस मुहिम में पुलिस ने अब तक लगभग 500 नए प्रवासियों को चिन्हित किया है। ये प्रवासी अभी तक बिना पंजीकरण के ही गुमनामी में जी रहे थे। किसी भी वारदात को अंजाम देने के बाद यदि ये यहां से खिसक जाते तो इन्हें ढूंढ पाना मुश्किल हो सकता था। अब पुलिस ने लगभग 500 प्रवासियों को चिन्हित कर उनका पंजीकरण कर दिया है और उनके फिंगर प्रिंट, फोटो, नाम-पते सहित तमाम जानकारी पुलिस ने हासिल कर ली है।
फिंगर प्रिंट मैच होते ही सीधे प्रवासियों को पकड़ सकती है पुलिस
किसी भी वारदात में इनकी संलिप्तता होती है तो फिंगर प्रिंट मैच होते ही पुलिस सीधे इन्हें पकड़ सकती है। पुलिस वैरीफिकेशन में सामने आए गुमनामी में जी रहे इतने नए प्रवासियों के नाम-पतों से सुरक्षा में छेद के बड़े खतरे को टाल दिया है। विशेष तौर पर अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव शुरू होने वाला है। उससे पहले ही पुलिस ने प्रवासियों के पंजीकरण की मुहिम को अंजाम दिया है। अब इंतजार किया जा रहा है कि जिला के दूसरे इलाकों में भी पुलिस वैरीफिकेशन की मुहिम जल्द शुरू हो। इन दिनों भुंतर और कसोल इलाकों में पुलिस की टीम होटलों, ढाबों व रिहायशी इलाकों में काम करने व रहने वाले प्रवासी मजदूरों को ढूंढ रही है।
पंचायत प्रतिनिधियों को भी किया अलर्ट
पंचायत प्रतिनिधियों को भी प्रवासियों के पंजीकरण बारे पुलिस ने अलर्ट किया है। इसके बाद पुलिस के टारगेट में जिला के मनाली, नग्गर, पतलीकूहल, बंजार व आनी सहित अन्य प्रमुख इलाके हैं। निर्भया केस के बाद पुलिस ने इस ङ्क्षबदु पर विशेष तौर से कार्य शुरू किया और कामयाबी भी मिल रही है। पंजीकरण के लिए नए मामले सामने आ रहे हैं। पंजीकरण के बाद इन लोगों को पुलिस ने हिदायत भी दे रखी है कि यदि एक साल बाद भी यहीं रहे तो स्वयं नजदीकी थाना-चौकी में आकर अपना पंजीकरण करवाएं। रतोचा के उपप्रधान दुनी चंद ने कहा कि कुल्लू में कार्यभार संभालने के बाद ही नई एस.पी. ने इस मुहिम को शुरू करवाया है।