Edited By Punjab Kesari, Updated: 07 Mar, 2018 10:46 PM
हिमाचल प्रदेश से लगातार दूसरी बार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा राज्यसभा जाएंगे।
शिमला: हिमाचल प्रदेश से लगातार दूसरी बार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा राज्यसभा जाएंगे। उनके नाम पर केंद्रीय भाजपा चुनाव समिति ने मुहर लगा दी है। इससे पहले प्रदेश भाजपा चुनाव समिति पहले ही उनके नाम का अनुमोदन कर चुकी है। अब शीघ्र केंद्रीय मंत्री अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए शिमला आएंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्र में प्रदेश के कोटे से मंत्री बने जगत प्रकाश नड्डा का राज्यसभा कार्यकाल 2 अप्रैल को पूरा हो रहा है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग की तरफ से 23 मार्च को चुनाव करवाए जाने की घोषणा की गई है। इसके लिए गत सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 मार्च
राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 मार्च है तथा आवश्यकता पडऩे पर 23 मार्च को मतदान होगा। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की तरफ से नड्डा सहित 8 अन्य नेताओं को राज्यसभा के लिए पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। इनमें हिमाचल प्रदेश से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, उत्तर प्रदेश से केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत और धर्मेंद्र प्रधान, गुजरात से एम.एल. मंदविया और पुरुषोत्तम रूपाला, बिहार से रविशंकर प्रसाद तथा राजस्थान से भूपिंद्र यादव शामिल हैं।