Edited By Punjab Kesari, Updated: 08 Feb, 2018 10:50 PM
पुलिस ने वीरवार को अंतर्राज्यीय ए.टी.एम. ठगी गिरोह के चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन तक रिमांड पर भेज दिया है।
नाहन: पुलिस ने वीरवार को अंतर्राज्यीय ए.टी.एम. ठगी गिरोह के चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन तक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। गौरतलब है कि नाहन में फरवरी, 2016 में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसमें पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका ए.टी.एम. कार्ड बदलकर आरोपियों ने सराहां व सोलन में स्थित ए.टी.एम. से उसके खाते से करीब एक लाख रुपए निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने एक टीम का गठन किया था जिसने आरोपियों को दिल्ली से दबोच लिया है। सभी आरोपी बिहार निवासी बताए जा रहे हैं।
55 ए.टी.एम. कार्ड, 2 लैपटॉप व ए.टी.एम. क्लोन सहित स्कैनर बरामद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली में आरोपियों से 55 ए.टी.एम. कार्ड, 2 लैपटॉप व ए.टी.एम. क्लोन सहित स्कैनर बरामद किया है। बीते कुछ सालों में ए.टी.एम. कार्ड बदलकर ठगी करने के जिला में कई मामले आ चुके हैं। उक्त आरोपियों के पुलिस के हत्थे चढऩे के बाद अन्य मामलों में भी खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपानी ने चारों आरोपियों को रिमांड मिलने की पुष्टि की है।