Edited By Punjab Kesari, Updated: 26 Aug, 2017 08:20 PM
उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव से एक 39 वर्षीय विवाहिता (3 बच्चों की मां) को कथित रूप से करीब आधी उम्र का एक युवक (20) भगाकर ले गया है।
अम्ब : उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव से एक 39 वर्षीय विवाहिता (3 बच्चों की मां) को कथित रूप से करीब आधी उम्र का एक युवक (20) भगाकर ले गया है। महिला का पति अपनी पत्नी को ढूंढने के लिए जगह-जगह घूम रहा है लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा है। महिला के पति ने इस संबंध में पुलिस थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला के पति ने बताया है कि करीब एक सप्ताह पहले से उसकी पत्नी घर से गायब है। वह गगरेट क्षेत्र के एक उद्योग में कार्य करती थी। उसने आरोप लगाया है कि उसी उद्योग में कार्य करने वाला एक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा कर ले गया है क्योंकि वह भी उसी दिन से घर से लापता है। महिला के पति ने बताया कि उक्त युवक ने उसकी पत्नी को कथित तौर पर धर्म बहन बनाया हुआ था और अक्सर रक्षाबंधन के त्यौहार पर वह उसकी पत्नी से राखी भी बंधवाता था। डी.एस.पी. अम्ब धर्म चंद वर्मा का कहना है कि पुलिस ने महिला की तलाश के लिए चारों तरफ जाल बिछा दिया है। पुलिस उक्त महिला व युवक के मोबाइल नम्बरों को ट्रेस कर रही है।