Edited By Updated: 28 Sep, 2016 07:29 PM
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का न केवल सरकार में बल्कि पार्टी में भी कद बहुत बड़ा है।
शिमला: परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का न केवल सरकार में बल्कि पार्टी में भी कद बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जो कहते हैं, उसे सभी को सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में एक व्यक्ति नहीं बल्कि पार्टी ही सुप्रीम होती है।
परिवहन मंत्री बुधवार को प्रैस क्लब ऑफ शिमला में आयोजित प्रैस से मिलिए कार्यक्रम में पत्रकारों द्वारा पूछे सवालों के उत्तर दे रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनका मानना है कि कांगड़ा जिला को संगठनात्मक व प्रशासनिक रूप से नहीं बांटा जाना चाहिए। कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है तथा यह राजनीतिक व जनसंख्या के आधार पर भी सबसे बड़ा जिला है। कांगड़ा को कागजों में अलग-अलग जिलों में बांटना सही नहीं है।
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस ने कांगड़ा जिला को 4 संगठनात्मक जिलों कांगड़ा, नूरपुर, पालमपुर व देहरा में बांटा है। इसको लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का तर्क था कि कांगड़ा जिला के तहत नए संगठनात्मक जिला बनाए जाने से संगठन के कार्य में कुशलता आएगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के इस प्रस्ताव पर पार्टी हाईकमान ने मोहर लगाई थी, हालांकि उस समय परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसका विरोध किया था।
जीएस बाली ने सत्ता और संगठन में उपजे विवाद को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि आपसी संवाद की कमी से ऐसे मामले सामने आते हैं लेकिन चुनाव के समय सभी एकजुट होकर काम करेंगे। बाली ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री के साथ बेहतर संबंध हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में अध्यक्ष पद पर किसी की तैनाती करना और हटाना एक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ही प्रदेशाध्यक्ष का नाम तय करती है।
पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए करें काम
परिवहन मंत्री ने कहा कि किसी को भी अपने कर्म ईमानदारी से करने चाहिए। पंक्ति में आखिर में खड़े गरीब व्यक्ति के लिए जो काम करेगा, उसे चुनाव के परिणामों की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव के लिए तैयार हैं। कल किसी ने नहीं देखा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों के समय लोग हराने का भी प्रयास करते हैं लेकिन जीत के बाद सभी लोगों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी कार्य सौंपेगी, उसे वह पूरी निष्ठा से करेंगे।