Edited By Punjab Kesari, Updated: 03 Feb, 2018 03:29 PM
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का स्पोर्ट्स फेस्टिवल मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में शनिवार को शुरू हो गया। स्पोटर्स फेस्टिवल का शुभारंभ सेंट्रल रेंज मंडी के डीआईजी कपिल शर्मा ने किया। उनके साथ डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर और एसपी मंडी गुरदेव शर्मा...
मंडी(नीरज):अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का स्पोर्ट्स फेस्टिवल मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में शनिवार को शुरू हो गया। स्पोर्ट्स फेस्टिवल का शुभारंभ सेंट्रल रेंज मंडी के डीआईजी कपिल शर्मा ने किया। उनके साथ डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर और एसपी मंडी गुरदेव शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। स्पोर्ट्स फेस्टिवल का शुभारंभ राष्ट्रीय खेल हॉकी के साथ किया गया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में फुटबाल, बास्केटबाल, कराटे, वालीबाल, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन भी मुख्य रूप से करवाया जाएगा। यह सभी आयोजन मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में ही होंगे। वहीं लोगों की मांग पर हॉफ मैराथन का आयोजन भी होगा जिसे रविवार 11 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।
सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामानाएं दी
स्पोर्ट्स फेस्टिवल का शुभारंभ करने पहुंचे सेंट्रल रेंज मंडी के डीआईजी कपिल शर्मा ने इसके लिए आयोजकों को बधाई और सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामानाएं दी। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां शारीरिक विकास होता है वहीं खिलाडि़यों में आगे बढ़ने की भावना भी जागृत होती है। मंडी जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने बताया कि हॉकी प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आई 9 टीमें भाग ले रही हैं और यह प्रतियोगिता नॉक आउट आधार पर करवाई जा रही है। जो जीतता जाएगा वह आगे बढ़ता जाएगा और फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि हॉकी प्रतियोगिता का समापन 5 फरवरी को एडीसी मंडी राघव शर्मा करेंगे।