Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Jan, 2018 12:08 AM
धर्मपुर दौरे में फिर से भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली सफेद टोपी चर्चा में आ गई है।
धर्मपुर: धर्मपुर दौरे में फिर से भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली सफेद टोपी चर्चा में आ गई है। यहां शुक्रवार को पहली बार मंत्री बनने के बाद अपने गृह क्षेत्र पहुंचे आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का नागरिक अभिनंदन हुआ और लोगों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान खास बात यह रही कि स्वागत में महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली सफेद टोपी स्वयं भी पहनी और आई.पी.एच. मंत्री को भी पहनाई। बता दें कि यही टोपी आई.पी.एच. मंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके मंडी आगमन पर सलापड़ में पहनाई थी जो काफी चर्चा में रही। तीन दिन बाद भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली सफेद टोपी अब धर्मपुर पहुंच गई है जहां आई.पी.एच. मंत्री सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने इसे एक-दूसरे को पहनाया।
आई.पी.एच. मंत्री की बेटी पहनतीं थीं बिना निशान वाली टोपी
बता दें कि आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना ठाकुर जब जिप सदस्य थीं तो उस समय वह अक्सर ऐसी टोपी बिना कमल निशान के पहनती थीं। इस बार विधानसभा चुनाव में उन्होंने कई महिलाओं को ऐसी टोपी पहनाना शुरू किया था, जिसमें भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल निशान लगा है जो धीरे-धीरे यहां प्रचलित होना शुरू हुई। चुनाव के बाद यह टोपी धर्मपुर से सीधे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सिर पर सजी जिसे स्वयं आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र ने उन्हें पहनाया। हालांकि इस टोपी की राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि सरकारी कार्यक्रमों में भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली सफेद टोपी पहनना सही नहीं है।
संस्कृति के साथ पार्टी द्वारा सम्मान का हिस्सा है टोपी
बहरहाल इस बारे में आई.पी.एच. मंत्री के बेटे रजत ठाकुर का कहना है कि ये टोपी केवल स्वागत समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पहनाई जा रही है जो हमारी संस्कृति के साथ पार्टी द्वारा सम्मान का हिस्सा है।