Edited By Punjab Kesari, Updated: 30 Sep, 2017 01:53 PM
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय संयोजक एवं ...
मंडी(नीरज):अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय संयोजक एवं सराज से कांग्रेस के युवा नेता विजय पाल सिंह ने सराज से भाजपा विधायक जय राम ठाकुर पर तंज कसा है। विजय पाल सिंह का कहना है कि जय राम ठाकुर में आत्मविश्वास की कमी है और इसी कारण उन्होंने 2014 में लोकसभा का चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया। विजय पाल सिंह ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में मोदी लहर थी और उस लहर में कई नेता जीत गए लेकिन जय राम ठाकुर ने आत्मविश्वास की कमी के कारण चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव न लड़ने से सराज को दोहरा नुकसान हुआ है। यदि वह चुनाव लड़कर जीतते तो सराज को विधायक निधि के साथ-साथ सांसद निधि का पैसा भी मिलता और यहां करोड़ों का विकास हो पाता। जबकि आज यह पैसा सांसद राम स्वरूप शर्मा के माध्यम से लाना पड़ रहा है।
95 प्रतिशत विकास कांग्रेस सरकारों की देन
विजय पाल सिंह ने कहा कि जय राम ठाकुर के चुनाव लड़ने से सराज को विधायक के रूप में नया चेहरा भी मिलना था और विकास के नए आयाम स्थापित होने थे, जबकि ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में 95 प्रतिशत विकास कांग्रेस सरकारों की देन है जबकि मात्र 5 प्रतिशत में मौजूदा विधायक का योगदान है। उन्होंने जय राम ठाकुर से बीते 20 वर्षों के कार्यकाल में किए गए 20 कार्यों को बताने का अनुरोध भी किया। विजय पाल सिंह ने कहा सराज विधानसभा क्षेत्र को तीन डिग्री कालेज, एसडीएम कार्यालय, तहसील और अन्य बड़े कार्यालयों की सौगात सिर्फ कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में ही मिली है।