Edited By Updated: 23 Feb, 2017 04:06 PM
अब अधिकारियों व कर्मचारियों के ट्रांसफर ऑर्डर निदेशालय से...
धर्मशाला: अब अधिकारियों व कर्मचारियों के ट्रांसफर ऑर्डर निदेशालय से ऑनलाइन होंगे। हालांकि कागजी प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा कांगड़ा ने अपने अधीन आने वाले सभी स्कूलों तथा उनके कर्मचारियों को अपना पी.एम.आई.एस. रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक 1 मार्च से सभी कर्मचारियों व अधिकारियों के ट्रांसफर ऑर्डर निदेशालय से ऑनलाइन होंगे। ऑनलाइन ऑर्डर होने से सभी कर्मचारियों को उसी वक्त ट्रांसफर हुई जगह पर जाना पड़ेगा। उच्च शिक्षा कांगड़ा के अधिकारियों की मानें तो डायरेक्टरेट से प्राप्त पत्र के अनुसार जिला के सभी स्कूलों के प्रिंसिपल को अपना तथा अपने कर्मचारियों का पी.एम.आई.एस. रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि यह भी पाया गया है कि कई स्कूलों ने अपना पी.एम.आई.एस. रिकॉर्ड अपडेट नहीं किया है। यदि किसी कर्मचारी ने अपना पी.एम.आई.एस. रिकॉर्ड अपडेट नहीं किया तो संबंधित प्रिंसिपल उसके लिए जिम्मेदार होगा।
जुगाड़ अब नहीं आएगा काम
अब अधिकारियों व कर्मचारियों के ट्रांसफर ऑर्डर निदेशालय से ऑनलाइन होने से ट्रांसफर ऑर्डर को रोकने संबंधी जुगाड़ काम नहीं आएगा। उल्लेखनीय है कि पहले ट्रांसफर ऑर्डर निदेशालय से होते थे, तो उक्त ऑर्डर को संबंधित विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी के पास पहुंचने में समय लगता था। इस समय के भीतर कर्मचारी अपना ट्रांसफर ऑर्डर या तो रुकवा लेते थे या तो कहते थे कि उन्हें ट्रांसफर ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन ट्रांसफर ऑर्डर के ऑनलाइन होने से उसी समय ट्रांसफर की गई जगह पर जाना होगा।
20 स्कूलों ने नहीं किया अपना रिकॉर्ड अपडेट
कांगड़ा के 20 स्कूलों ने अपना पी.एम.आई.एस. रिकॉर्ड अपडेट नहीं किया है। इन स्कूलों में 12 सीनियर सेकेंडरी तथा 8 हाईस्कूल शामिल हैं। सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में बैजनाथ, पपरोला, मंड मैनी, नौरा, अप्पर लंबागांव, आलमपुर, राजल, कुठेड़, राज का तालाब, मूलथान, लोहडी तथा कौना स्कूल शामिल हैं। वहीं हाईस्कूलों में लपियाणा, नंदोली, थंडोल, आशापुरी, लूंहा, सुक्कर, सदूं तथा देहरिया स्कूल शामिल हैं।