Edited By Punjab Kesari, Updated: 11 Feb, 2018 03:36 PM
मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है, लेकिन देश के विपक्षी दल इसे पचा नहीं पा रहे हैं। यह बात उन्होंने मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में भाजपा की तरफ से...
मंडी (नीरज): मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है, लेकिन देश के विपक्षी दल इसे पचा नहीं पा रहे हैं। यह बात उन्होंने मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में भाजपा की तरफ से आयोजित बजट पर चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में जोगिंद्रनगर से बड़ी संख्या में आए लोगों ने भाग लिया और केंद्र द्वारा जारी बजट की जानकारी हासिल की। शर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकारें सिर्फ घोषणाओं वाले बजट को ही पेश करके जनता को गुमराह करने का प्रयास करती थी लेकिन मौजूदा सरकार ने देश को नई दिशा देने वाला बजट पेश किया है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में आम वर्ग से लेकर विकास तक का पूरा खाका तैयार किया गया है, जिससे आने वाले समय में देश नई दिशा की ओर अग्रसर होने वाला है। उन्होंने बताया कि 18 हजार करोड़ से पठानकोट-मंडी रेल लाईन का निर्माण होगा। जिसके लिए रेलवे 3 सर्वे का कार्य पूरा कर चुका है। अब सर्वे अंतिम चरण में है। मंडी संसदीय क्षेत्र में एनएच के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है और मार्च के बाद यह कार्य शुरू होने वाले हैं। मंडी में हवाई अड्डे का निर्माण भी प्रस्तावित है जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने 0 बैलेंस से खाता खोलने की सुविधा देश की जनता को दी और मात्र 12 रुपए की राशि पर 2 लाख के बीमे का प्रावधान किया। इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए 10 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने का ऐलान किया गया है जो कि एक ऐतिहासिक निर्णय है। वहीं अब 8 करोड़ गरीब परिवारों को उज्जवला योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया है, जिससे गरीबों के घरों में गैस चूल्हा जल सकेगा। समारोह में मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष रणवीर सिंह, महामंत्री पकंज जम्वाल, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुमन ठाकुर, एससी मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र कुमार, वरिष्ठ नेता गंगा राम बिष्ठ और जोगिंद्रनगर के प्रभारी मनीष कपूर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।