Edited By Punjab Kesari, Updated: 02 Feb, 2018 01:09 AM
पांगी कल्याण संघ इकाई चम्बा में वीरवार को कृषि, जनजातीय विकास, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय के चम्बा आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चम्बा: पांगी कल्याण संघ इकाई चम्बा में वीरवार को कृषि, जनजातीय विकास, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय के चम्बा आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पांगी घाटी के साथ-साथ जिला चम्बा से संबंधित विभिन्न समस्याओं बारे पांगी कल्याण संघ इकाई चम्बा ने मांग पत्र सौंपा। संघ ने उम्मीद जताई कि मंत्री उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्र सरकार के सम्मुख प्रभावी ढंग से रखने में महत्वपूर्व भूमिका निभाएंगे। पांगीवासियों ने कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनावों में पांगी के लोगों ने भाजपा का भरपूर सहयोग दिया, ऐसे में अब भाजपा सरकार का यह दायित्व बनता है कि वह पांगीवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने में कोई कसर न छोड़े। देश व पांगी के लिए सुरंग निर्माण बेहद महत्वपूर्ण है।
पूर्व सरकार ने सिर्फ घोषणाओं तक ही सीमित रखी पांगी घाटी
वहीं भरमौर के विधायक जिया लाल कपूर ने कहा कि पांगी घाटी को पूर्व सरकार ने सिर्फ घोषणाओं तक ही सीमित रखा जिस कारण जनता ने इस बार कांग्रेस को घाटी से पूरी तरह से उखाड़ फैंका। उन्होंने कहा कि 5 वर्षों तक पांगी को महज द्वेष की भावना का शिकार बनाया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार की भांति पांगी घाटी के विकास के नाम पर भाजपा सरकार कोई झूठी घोषणा नहीं करेगी, जो भी पांगी के विकास हेतु कदम उठाया जाएगा, वह जमीनी स्तर पर नजर आएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही नितिन गडकरी को पांगी आने का न्यौता दिया जाएगा और उनके हाथों से चैहणी सुरंग का शिलान्यास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री भी पांगी के दौरे पर आएंगे।
पांगीवासियों ने मंत्री से ये रखी मांगें
पांगी कल्याण संघ इकाई सहित पांगी के लोगों ने इस दौरान पांगी में हवाई उड़ान के शैड्यूल अमल में लाने, पठानकोट-चम्बा-तीसा-पांगी-लेह को जोडऩे की योजना, सुरक्षा की दृष्टि से पठानकोट-चम्बा-तीसा-पांगी मार्ग बनाने, शाहपुर-चुवाड़ी-चम्बा-तीसा-पांगी मार्ग की अधिसूचना जारी करवाने व पांगी को ऑर्गैनिक घाटी घोषित व पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की मांग मंत्री के सामने रखी। कृषि मंत्री ने पांगीवासियों को आश्वस्त किया कि पांगी के विकास के लिए किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।